हल्द्वानी।
जनपद नैनीताल के हल्द्वानी शहर में आगामी शिवकथा महोत्सव को लेकर पूरे नगर में आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति की छटा व्याप्त होने लगी है। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) के तत्वावधान में आयोजित यह अद्वितीय शिवकथा 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक एम.बी. कॉलेज ग्राउंड, हल्द्वानी में संपन्न होगी। प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से 4:00 बजे तक कथा का रसास्वादन श्रद्धालु कर सकेंगे।
संस्थान के प्रचारक स्वामी उमेशानंद ने बताया कि शिवकथा का वाचन प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय वक्ता एवं वैज्ञानिक दृष्टि से आध्यात्मिकता को समझाने वाले कथावाचक डॉ. सर्वेश्वर जी द्वारा किया जाएगा। डॉ. सर्वेश्वर जी आईआईटी दिल्ली से केमिस्ट्री में पीएचडी कर चुके हैं तथा बी.एससी. एवं एम.एससी. में गोल्ड मेडलिस्ट रहने का गौरव भी प्राप्त है। वे वैज्ञानिक तथ्यों और आध्यात्मिक सिद्धांतों का अद्भुत समन्वय करते हुए शिवतत्त्व को आधुनिक संदर्भों में सरल और तार्किक रूप में प्रस्तुत करने के लिए विख्यात हैं।
इस भव्य आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करते हुए उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने शिवकथा में सम्मिलित होने का निमंत्रण सादर स्वीकार किया है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और वैज्ञानिक सोच को सुदृढ़ बनाते हैं।
कार्यक्रम को लेकर हल्द्वानी सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। शिवभक्तों और नागरिकों को इस पावन कथा से जीवन के उच्च आदर्शों, भक्ति, विवेक एवं आध्यात्मिक जागरण का सन्देश मिलने की अपेक्षा है। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान का यह प्रयास सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उत्थान की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
