हल्दूचौड़। रिम्पी बिष्ट
समर्पण, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश करते हुए हल्दूचौड़ पुलिस चौकी में तैनात तेजतर्रार कॉन्स्टेबल मनीष कुमार ने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में बड़ी सफलता हासिल की है। क्षेत्र में बढ़ते नशे पर अंकुश लगाने के लिए की गई उनकी प्रभावी कार्रवाई को हर स्तर पर सराहा जा रहा है।
हाल के दिनों में कॉन्स्टेबल मनीष कुमार की सक्रिय भूमिका से 470 नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप बरामद की गई, जिससे नशा तस्करों में हड़कंप मच गया और कई सौदागर सलाखों के पीछे पहुँचे। इस कार्रवाई से न केवल अवैध नशे के कारोबार पर प्रहार हुआ, बल्कि आमजन का पुलिस प्रशासन पर भरोसा भी और अधिक मजबूत हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की साहसिक और सतर्क पुलिस कार्रवाई समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। कॉन्स्टेबल मनीष कुमार की तत्परता और ईमानदार प्रयासों की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।

उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस कप्तान द्वारा कॉन्स्टेबल मनीष कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाइयों से नशे के विरुद्ध अभियान को और मजबूती मिलेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
