रानीखेत में होम्योपैथिक चिकित्सा पर बढ़ा भरोसा, संजय पाण्डे ने किया राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

रानीखेत।
जनस्वास्थ्य के प्रति समाज में बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण रानीखेत में देखने को मिल रहा है। अल्मोड़ा के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने गोविन्द सिंह माहरा राजकीय नागरिक चिकित्सालय परिसर में संचालित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओ.पी.डी. पंजीकरण व्यवस्था, औषधियों की उपलब्धता, मरीजों की संख्या तथा उपचार पद्धति की जानकारी विस्तार से ली। चिकित्सालय में तैनात डॉ. आनंद ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 50 से 60 मरीज उपचार के लिए यहां पहुंच रहे हैं। यह आंकड़ा क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
डॉ. आनंद ने जानकारी दी कि चिकित्सालय में वर्तमान में लगभग सभी आवश्यक होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध हैं और मरीजों को निशुल्क उपचार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि होम्योपैथिक दवाएं सामान्यतः दुष्प्रभाव रहित मानी जाती हैं, जिससे विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और दीर्घकालिक रोगियों को लाभ मिल रहा है। सरकारी स्तर पर मुफ्त दवाइयों की उपलब्धता से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भी राहत मिल रही है।
संजय पाण्डे ने कहा कि सुदृढ़ और संवेदनशील स्वास्थ्य व्यवस्था ही समाज की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी संस्थान पारदर्शिता और नियमितता के साथ कार्य करते हैं, तो जनता का विश्वास स्वतः सुदृढ़ होता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। साथ ही यह भी कहा कि जनस्वास्थ्य संस्थानों की समय-समय पर समीक्षा और जनसहभागिता से ही सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाया जा सकता है।