मंडियों में पुराने दुकानदारों को निःशुल्क दुकानें देने की मांग तेज

ख़बर शेयर करें

 

मंडी परिषद अध्यक्ष ने टैक्स फ्री किराया व सस्ते आवंटन पर जताई सहमति

देहरादून/हल्द्वानी।
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर ने मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ से मंडियों में वर्षों से कार्यरत दुकानदारों और किसानों के हित में ठोस निर्णय लेने की मांग की है। कुंवर ने कहा कि मंडियों में नवनिर्मित दुकानों का निःशुल्क आवंटन लंबे समय से कार्यरत दुकानदारों को किया जाए, साथ ही पुराने दुकानदारों के किराए में किसी प्रकार की बढ़ोतरी न की जाए और उन्हें पूरी तरह टैक्स फ्री किया जाए।
हुकम सिंह कुंवर ने यह भी मांग उठाई कि जिन दुकानदारों ने अपने संसाधनों से दुकानों को दो मंजिला बनाया है, उन्हें उनके नाम पर रेगुलर (नियमित) किया जाए, ताकि वर्षों से चल रहे असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके।
इस पर मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि लंबे समय से कार्यरत दुकानदारों और किसानों को सस्ते दरों पर दुकानों के आवंटन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने यह भी सहमति जताई कि नवीन दुकानों का आवंटन टैक्स फ्री किया जाएगा, साथ ही पुराने किरायों को भी टैक्स फ्री करने पर विचार किया जाएगा।
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर ने कहा कि वे इस संबंध में शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर मंडियों में दुकानदारों और किसानों को निःशुल्क दुकान आवंटन, पुराने दुकानदारों को टैक्स फ्री सुविधा तथा दो मंजिला दुकानों के नियमितीकरण की मांग रखेंगे।
कुंवर ने कहा कि कई दुकानदार लंबे समय से मंडी में दुकान के लिए प्रयासरत हैं, ऐसे निर्णयों से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही जिन व्यापारियों ने अपनी दुकानों का विस्तार किया है, उन्हें भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल हमेशा व्यापारी हितों के लिए संघर्ष करता रहेगा। संगठन का उद्देश्य केवल व्यापारियों ही नहीं, बल्कि किसानों और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना है।