जमरानी नहर को कवर करने की मांग तेज, ग्राम प्रधान संगठन ने सिंचाई सचिव को सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी।
जिला ग्राम प्रधान संगठन नैनीताल के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी ने जमरानी परियोजना के अंतर्गत निर्मित जमरानी नहर को कवर (ढकने) किए जाने की मांग को लेकर उत्तराखंड सरकार के सिंचाई सचिव श्री युगल किशोर पन्त को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि क्षेत्र में तीनपानी से लेकर हल्द्वानी तक गुजर रही जमरानी नहर एवं उससे जुड़ी सिंचाई नहर के खुले होने के कारण आमजन को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नहर के खुले होने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों एवं पशुओं के लिए यह अत्यंत खतरनाक साबित हो रही है।
इसके अतिरिक्त नहर के खुले रहने से आवागमन में बाधा, स्वच्छता संबंधी समस्याएं तथा क्षेत्र के समग्र विकास में भी अवरोध उत्पन्न हो रहा है। संगठन ने मांग की है कि यदि इन दोनों नहरों को कवर कर दिया जाए, तो जनसुरक्षा सुनिश्चित होगी, यातायात सुगम होगा तथा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और विकास भी संभव हो सकेगा।
ग्राम प्रधान संगठन ने सरकार से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जमरानी नहर निर्माण को कवर करने के कार्य की शीघ्र घोषणा की जाए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
संगठन को विश्वास है कि सरकार जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेते हुए क्षेत्र के विकास हेतु सकारात्मक कदम उठाएगी।

ज्ञापन देने वालों में सीमा पाठक केशव पंत दीप्ति धामी कीर्ति पाठक आदि मौजूद रहे