प्रसिद्ध भागवताचार्य नवीन चन्द्र जोशी ने बताया शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व; जल, जंगल और नदियों के संरक्षण को बताया सच्ची देव आराधना
आस्था, उजास और प्रकृति वंदना का महापर्व कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली इस वर्ष मंगलवार, 24 नवंबर को अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रसिद्ध भागवताचार्य नवीन चन्द्र जोशी के अनुसार, मंगलवार को पूर्णिमा तिथि सूर्योदय से लेकर रात्रि 8 बजकर 28 मिनट तक विद्यमान रहेगी। उदया तिथि और रात्रि व्यापिनी पूर्णिमा के शुभ संयोग के कारण व्रत की पूर्णिमा 24 नवंबर, मंगलवार को ही मान्य होगी।
गंगा स्नान, लक्ष्मीनारायण पूजन और दीपदान का विशेष महत्व भागवताचार्य नवीन चन्द्र जोशी ने शास्त्रों का संदर्भ देते हुए बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान लक्ष्मीनारायण के विधिवत पूजन के साथ-साथ पवित्र गंगा स्नान का विशेष महत्व है। इस दिन गंगा सहित अन्य पवित्र नदियों में दीपदान करने से मनुष्य के समस्त रोग, शोक और पाप शांत होते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। इसी पावन तिथि पर पूरे कार्तिक मास चलने वाले कठोर नियमों व व्रतों का पारायण किया जाता है और पंचदिवसीय ‘भीष्म पंचक’ का समापन भी होता है।
भगवान कार्तिकेय के दर्शन से शांत होते हैं उपद्रव आचार्य जोशी ने आगे बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान श्री कार्तिकेय के पूजन और दर्शन का विशेष विधान है। मान्यता है कि इस दिन उनके दर्शन मात्र से जीवन के समस्त उपद्रव, कलह और बाधाएँ शांत हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही मोक्षदायिनी नगरी काशी में देव दीपावली का भव्य उत्सव मनाने की परंपरा रही है, जहाँ स्वयं देवता पृथ्वी पर उतरकर दीपों का उत्सव मनाते हैं।
प्रकृति और नदियों का संरक्षण ही सच्ची पूजा आध्यात्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भागवताचार्य नवीन चन्द्र जोशी ने कहा कि शास्त्रों के अनुसार इस संसार में प्रकृति के जो भी तत्व हमें जीवन और पोषण प्रदान करते हैं, वे सभी देवतुल्य हैं। अतः जल, जंगल, वृक्ष और नदियाँ सभी पूजनीय हैं। प्राणदायिनी नदियों का केवल पूजन-अर्चन ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखना ही देवताओं को प्रसन्न करने का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है।
कार्तिक पूर्णिमा की तिथि अत्यंत पवित्र, ऊर्जावान और फलदायी मानी गई है। इस पावन अवसर पर किए गए दान-पुण्य का अक्षय फल प्राप्त होता है तथा यह संपूर्ण दिन समस्त दैविक, आध्यात्मिक और मांगलिक कार्यों के शुभारंभ के लिए सर्वोत्तम माना गया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


