देव दीपावली: जब काशी के दीपों में पूरा ब्रह्मांड मुस्कुराता है
मंगलमय कार्तिक पूर्णिमा पर आकाश में पूर्ण चंद्रमा, धरती पर दीपों की पंक्तियाँ और गंगा की लहरों पर स्वर्णिम आभा। काशी के घाटों पर मानो आस्था ने प्रकाश का महाकाव्य लिख दिया है। यह केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, अंधकार से प्रकाश, अहंकार से समर्पण और स्वार्थ से परमार्थ की ओर जाने का महापर्व है। दीपावली अमावस्या में अपने घर को सजाती है, देव दीपावली पूर्णिमा में पूरे ब्रह्मांड को सजाने का बोध देती है।
लोकमान्यता है कि आज देवता काशी में गंगा तट पर दीपोत्सव मनाते हैं। हर दीप एक तारा बन जाता है। आशा का, विश्वास का, करुणा का, मानवता का। प्रश्न है, देवता कहाँ रहते हैं? क्या केवल मंदिरों में? नहीं। देवत्व वहाँ है जहाँ बेटा वृद्ध माँ का हाथ थामता है, जहाँ किसान मेहनत से दीप जलाता है, जहाँ अपरिचित दूसरे अपरिचित को सहारा देता है। देवता केवल पूजे नहीं जाते, देवत्व आचरण से प्रकट किया जाता है। यही देव दीपावली का मानवीय दर्शन है।
पुराणों में त्रिपुरासुर कथा है। तारकासुर के तीन पुत्रों ने सोने, चाँदी और लोहे के तीन दुर्ग बनाए। अत्याचार बढ़ा तो शिव ने एक बाण से तीनों पुरों का विनाश किया। उसी विजय के उत्सव को देव दीपावली कहा गया। हमारे भीतर भी तीन दुर्ग हैं-अहंकार, क्रोध और लोभ। अहंकार कहता है मैं ही श्रेष्ठ हूँ, क्रोध कहता है क्षमा नहीं करूँगा, लोभ कहता है और चाहिए। इन तीनों में चेतना बंदी है। जब विवेक अहंकार को भेदे, करुणा क्रोध को शांत करे और संतोष लोभ को जीते, तभी भीतर त्रिपुरांतक प्रकट होता है। जिस दिन भीतर के तीन पुर जीते, उसी दिन सच्ची देव दीपावली होगी।
काशी की आत्मा गंगा हैं। उन्हें केवल जलधारा समझना संस्कृति को सीमित करना है। वे आस्था, जीवन और सभ्यता की संवाहिका हैं। हिमालय से निकलकर नीचे की ओर बहना ही उनका संदेश है। गंगा देती हैं, रोकती नहीं। आज उनसे केवल वरदान न माँगें, संकल्प भी दें। दीपदान में प्लास्टिक, अपशिष्ट न डालें। नदी को स्वच्छ रखना ही सच्ची श्रद्धा है।
कार्तिक पूर्णिमा का चंद्रमा पूर्णता का प्रतीक है। पूर्णता का अर्थ दोषहीन होना नहीं, कमियों को पहचानकर बेहतर बनना है। आधा सत्य नहीं, सत्यनिष्ठा। आधा प्रेम नहीं, सम्मान। आधी करुणा नहीं, संवेदना। आधी जिम्मेदारी नहीं, कर्तव्य। चंद्रमा स्वयं प्रकाशित नहीं, सूर्य का प्रकाश परावर्तित करता है। मनुष्य भी ज्ञान और संस्कार का प्रकाश लेकर संसार को रोशन कर सकता है।
उत्सव के केंद्र में वह अंतिम जन होना चाहिए, जिसके घर बिजली नहीं, मजदूरी पूरी नहीं, किसान जो अनिश्चितता में है, वृद्ध जो अकेला है, विधवा जो संघर्ष में है, बच्चा जिसके सपने हैं पर अवसर नहीं। क्या देव दीपावली केवल सजे घाटों की है? नहीं। जब तक अंतिम जन के घर में आशा का दीप नहीं जलेगा, हमारी सामाजिक देव दीपावली अधूरी है। एक दीप अपने घर, एक जरूरतमंद के घर। एक थाली अपने लिए, एक भूखे के लिए। एक वस्त्र अपने बच्चे को, एक मुस्कान किसी और बच्चे को। धर्म इस बात से नहीं कि कितने दीप जलाए, बल्कि कितने जीवन रोशन हुए, इससे मापा जाता है।
दीप जाति नहीं पूछता, चंद्रमा आर्थिक स्थिति नहीं देखता, गंगा प्रतिष्ठा देखकर जल नहीं बाँटती। प्रकृति का यही न्याय समानता सिखाता है। मंगलमय राज वही है जहाँ किसान की फसल सुरक्षित हो, मजदूर को उचित मजदूरी, नारी को सम्मान, वृद्धों को सहारा, बच्चों को शिक्षा मिले। जहाँ दीप जलें पर चूल्हे ठंडे न हों, घंटियाँ बजे पर गरीब की पुकार अनसुनी न हो, आरती हो पर गंगा प्रदूषित न हो।
ब्रह्मांड विराट है, मनुष्य छोटा दिखता है,पर उसके कर्म की शक्ति असाधारण है। एक विचार परिवार की दिशा,एक शिक्षक पीढ़ी का भविष्य, एक ईमानदार व्यक्ति संस्थान की संस्कृति बदल सकता है। अपने दीप को छोटा न समझें। आपका एक शब्द टूटता संबंध बचा सकता है, एक क्षमा वर्षों का बोझ हल्का कर सकती है।
इस पूर्णिमा पर केवल दर्शक न रहें, प्रकाश के वाहक बनें। संकल्प लें – परिवार में प्रेम, व्यवहार में मधुरता, विचार में शुद्धता, कर्म में ईमानदारी, प्रकृति की रक्षा और अंतिम जन तक अवसर पहुँचाना। कोई भूखा न सोए, कोई अकेला न हो, कोई उपेक्षित न रहे, गरीबी अपराध न समझी जाए। संस्कृति उत्सवों में नहीं, आचरण में दिखे। आध्यात्मिकता प्रार्थना में नहीं, परोपकार में प्रकट हो। क्योंकि सबसे बड़ा दीप मिट्टी का नहीं, चरित्र का है। घाटों के दीप बुझ जाएँगे, गंगा बह जाएगी, चंद्रमा बदल जाएगा, उत्सव समाप्त होगा। पर करुणा का जलाया दीप किसी जीवन में स्थायी प्रकाश बन गया तो देव दीपावली संस्कृति बन गई। काशी प्रकाश दिखाती है, गंगा प्रवाह, शिव अहंकार-विनाश और पूर्णिमा पूर्णता की प्रेरणा देती है। निर्णय हमारा है- दीपों को देखना है या स्वयं दीप बनना है।
(डॉ. दीपक गोस्वामी-विभूति फीचर्स)
*(विभूति फीचर्स)*
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


