अल्मोड़ा। संवाददाता
पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा की स्वास्थ्य सेवाएँ निरंतर सुदृढ़ होती जा रही हैं। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सकों की पेशेवर प्रतिबद्धता का सीधा लाभ अब आम मरीजों को मिल रहा है। अस्पताल में तैनात डॉक्टर अपने-अपने विशेषज्ञता क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए मरीजों के प्रति समर्पण और संवेदनशीलता का परिचय दे रहे हैं।
इसी क्रम में जिला चिकित्सालय के ईएनटी विभाग ने महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। जागेश्वर निवासी 18 वर्षीय युवक, जो पिछले लगभग छह वर्षों से कान के पर्दे की समस्या से जूझ रहा था, का दूरबीन विधि से जटिल ऑपरेशन जिला अस्पताल में सफलतापूर्वक किया गया। यह सर्जरी ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका सम्मल द्वारा की गई। इस सफल उपचार से यह सन्देश गया है कि अब मरीजों को नाक-कान से संबंधित सर्जरी के लिए हल्द्वानी या बरेली जैसे बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इसके साथ ही आज ही जिला चिकित्सालय में डॉ. मोनिका सम्मल ने एक छोटे बच्चे की नाक में फंसी जोंक को समय रहते निकालकर उसकी जान बचाई। त्वरित चिकित्सकीय कार्रवाई के कारण बच्चे को बड़ी परेशानी से राहत मिली। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सामाजिक सरोकार भी हुए प्रबल
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने इन उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अल्मोड़ा वासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में काबिल और अनुभवी डॉक्टरों की सेवाओं के कारण मरीजों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को शीघ्र सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनका मनोबल और अधिक सुदृढ़ हो सके।
ये घटनाएँ इस तथ्य का प्रमाण हैं कि जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा अब केवल रेफर सेंटर नहीं रहा, बल्कि यहाँ जटिल से जटिल मामलों का भी सफल उपचार संभव हो रहा है। उन्नत सुविधाएँ, समर्पित चिकित्सक और जनसेवा की भावना—यही बदलते अल्मोड़ा और सशक्त होते स्वास्थ्य तंत्र की नई पहचान बन रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
