जब फिज़ाओं ने ओढ़ी बर्फ की चादर, मुस्कुराया उत्तराखंड का हर शहर

ख़बर शेयर करें

देहरादून।
उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के अनेक हिस्सों में सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है। निचले इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो रही है, जबकि ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने ठंडक के साथ रोमांच भी घोल दिया है।
केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ की फुहारें गिरने से मौसम सुहावना हो गया है। लंबे समय बाद बर्फबारी का आनंद लेते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों के चेहरों पर मुस्कान साफ झलक रही है।
उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ-साथ हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की जा रही है। पहाड़ों की रानी मसूरी के लालटिब्बा क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
धनौल्टी में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं चकराता क्षेत्र की ऊँची पहाड़ियों—लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित अन्य इलाकों में भी वर्ष की पहली बर्फीली फुहारें गिरनी शुरू हो गई हैं।
नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के साथ आसमान में बादल छाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में भी मौसम ने अचानक रुख बदला है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने 28 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम के इसी प्रकार बने रहने की संभावना जताई है।