गौलापार/मदनपुर, 13 जनवरी 2026 /माँ सूर्यदेवी सांस्कृतिक समिति के तत्वाधान में मंगलवार को इलाइट पब्लिक स्कूल, मदनपुर (गौलापार) में उत्तरायणी कौतिक महोत्सव बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में क्षेत्रवासियों के साथ-साथ संस्कृति, सामाजिक सेवा एवं जनप्रतिनिधित्व से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को चार चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पूर्व राज्यपाल (महाराष्ट्र एवं गोवा) भगत सिंह कोश्यारी, मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, विशिष्ट अतिथि विधायक मोहन बिष्ट, राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, समिति के अध्यक्ष मुकेश बेलवाल, मण्डल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, पूर्व विधायक नवीन दुमका तथा प्रकाश गरजोला सहित अनेक वरिष्ठ जन उपस्थित रहे। अतिथियों ने उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति की अनुपम विरासत को संजोने के इस प्रयास की सराहना की और आयोजकों को हार्दिक बधाई दी।
महोत्सव के दौरान कोंवा, रूद्र और पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। ढोल-दमुआ, भेंकुली जैसे लोकवाद्यों की ताल पर कलाकारों की प्रस्तुति ने हिमालयी लोकसंस्कृति को जीवंत कर दिया। मेले में लगाए गए पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प स्टॉल और सांस्कृतिक प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों एवं युवाओं के लिए झूले और मनोरंजन कार्यक्रमों ने उत्सव के आनंद को और बढ़ा दिया।
समिति अध्यक्ष मुकेश बेलवाल ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य केवल पर्व मनाना ही नहीं, बल्कि स्थानीय कला, परंपरा और समुदाय की सहभागिता को सुदृढ़ करना भी है। यह आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का संकल्प है।
सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए कार्यक्रम में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने और मानव सेवा की इस पुनीत पहल में सम्मिलित होने का आह्वान किया गया।
पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन बिष्ट, राज्य मंत्री रेनू अधिकारी एवं पूर्व विधायक नवीन दुमका ने मंच से कलाकारों और आयोजकों को बधाई देते हुए भविष्य में ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को और अधिक व्यापक स्तर पर करने की प्रेरणा दी। उनके आगमन से कार्यक्रम में जनसमूह का उत्साह देखते ही बन रहा था।
महोत्सव को सफल बनाने में माँ सूर्यदेवी सांस्कृतिक समिति, गौलापार-चौरगलिया की टीम, इलाइट पब्लिक स्कूल का स्टाफ, स्थानीय स्वयंसेवक और समाजसेवी संस्थाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के पदाधिकारी — प्रकाश गरजोला, राजेन्द्र बिष्ट, उमेश चुफाल, किशोर चुफाल, बसंत सनवाल, शोभन सिंह राठौर, जगदीश नौला, कैलाश कन्याल, ललित आर्य, भास्कर बोरा, बसन्त आर्या, पूरन कोटलिया, सुमन चुफाल, गीता चुफाल, दीपा चुफाल, नवीन जोशी, राजेंद्र तिवारी, अजय बिष्ट, नरेंद्र कन्याल, ललित परगाई, राजेंद्र जागी, गोविंद मिश्रा, विक्रम बिष्ट, मनीष पलड़िया, नरेंद्र मेहरा, पूरन चुफाल, पूरन मेहता आदि का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक महोत्सव निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
