17 नवंबर को मनाया जाएगा गोपाष्टमी पर्व, गौ-सेवा को आचरण में उतारें: कथावाचक नवीन चन्द्र जोशी सुबह 7:30 से दोपहर 2:30 बजे तक रहेगा पूजन का शुभ मुहूर्त; बोले- जहां गौ माता का सम्मान, वहां नहीं आती कोई विपदा
धर्म डेस्क। गौ माता की महिमा और सेवा को समर्पित पावन पर्व गोपाष्टमी व्रत इस वर्ष मंगलवार, 17 नवंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रसिद्ध कथावाचक नवीन चन्द्र जोशी ने पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को ही भगवान श्रीकृष्ण ने बृज में अपनी ‘गौ-चारण लीला’ और प्रत्यक्ष गौ-सेवा का शुभारंभ किया था। उन्होंने बताया कि इस पावन दिन गौ-पूजन और अर्चन का विशेष शुभ मुहूर्त प्रातः काल 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक रहेगा।
शास्त्रों में गौ माता को बताया गया है सर्वदेवमयी कथावाचक नवीन चन्द्र जोशी ने श्रीमद्भागवत महापुराण और श्रीमद् देवी भागवत महापुराण का उल्लेख करते हुए कहा कि गौ माता में समस्त देवताओं और तीर्थों का वास रहता है। वैदिक काल में ‘गौ-धन’ को ही सर्वश्रेष्ठ धन माना जाता था और प्रत्येक घर में गाय का होना सुख-समृद्धि का प्रतीक था। समस्त यज्ञ सामग्रियों का आधार भी गौ माता ही हैं। उन्होंने शास्त्रों के हवाले से कहा कि जिस स्थान पर गौ माता का पूजन, सेवा और सम्मान होता है, वहां कभी किसी प्रकार की आपदा, विपदा या महामारी प्रवेश नहीं कर सकती।
कामधेनु ने किया था राजा विश्वामित्र की सेना को परास्त वेदों और पुराणों में वर्णित माता कामधेनु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए जोशी जी ने बताया कि कामधेनु गाय की आराधना स्वयं देवता भी करते थे। पौराणिक प्रसंग के अनुसार, महर्षि वशिष्ठ के आश्रम में माता कामधेनु ने अपने दिव्य प्रभाव से राजा विश्वामित्र की विशाल सेना को पराजित कर दिया था। स्वयं महर्षि वशिष्ठ ने कहा है कि कामधेनु गाय अपने भक्तों की समस्त मनोकामनाओं को पूर्ण कर मनोवांछित वरदान प्रदान करती हैं।
केवल पूजन नहीं, गौ-सेवा को आचरण में उतारने का लें संकल्प वर्तमान समय में गोवंश की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कथावाचक नवीन चन्द्र जोशी ने कहा कि आज असंख्य गौवंश सड़कों और मार्गों पर भूखे-प्यासे भटकने को मजबूर हैं, जो अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि गोपाष्टमी का यह पर्व केवल पारंपरिक पूजा-अर्चना तक सीमित न रहकर, गौ-सेवा को अपने वास्तविक आचरण में उतारने का माध्यम बनना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर से गौ-सेवा का संकल्प लेना होगा, तभी श्रीकृष्ण गोविंद गोपाल की यह धरा पुनः सुखमय हो सकेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


