भवाली में शिप्रा नदी को स्वच्छ बनाने का महाअभियान: 42 कट्टे कूड़ा-कचरा एकत्र, समाज के सभी वर्गों ने किया सक्रिय योगदान

ख़बर शेयर करें

भवाली, नैनीताल।
आज दिनांक 4 जनवरी को, प्रत्येक रविवार की भांति, शिप्रा कल्याण समिति एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में भवाली स्थित स्टेट बैंक के समीप शिप्रा नदी में लगभग ढाई घंटे तक व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान नदी से 42 कट्टे कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसे सुरक्षित निस्तारित करने के लिए नगर पालिका भवाली को सौंपा गया।
इस स्वच्छता अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े जागरूक नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। अभियान में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
चौरसा के ग्राम प्रधान किशोर ढैला ,
पाइन ओक पैराडाइज कॉलोनी से अनुराग तिवारी ,
बेतालघाट निवासी ललित गोस्वामी ,
तिरछा खेत निवासी मुकेश जोशी ,
रोहित गौड़ , अधिवक्ता, उत्तराखंड हाईकोर्ट, पंकज बिष्ट , नैनीताल, शिप्रा कल्याण समिति से जगदीश नेगी , सदस्य, जिला गंगा समिति,स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, नगर पालिका भवाली,पूर्व कृषि अधिकारी लाल सिंह चौहान ।
अभियान में सभी ने श्रमदान करते हुए नदी की सफाई में अपना योगदान दिया।
विशेष रूप से यह ध्यान देने योग्य है कि शिप्रा नदी एक पवित्र उत्तरवाहिनी नदी है, जो परम पूज्य बाबा नीब करोरी महाराज जी के धाम से होकर बहती है। लेकिन वर्तमान में अत्यधिक प्रदूषण के कारण नदी की स्थिति चिंताजनक हो गई है। नदी में बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा पाया जा रहा है, जिसे साफ करने का यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है।
शिप्रा कल्याण समिति एवं जिला गंगा समिति ने घोषणा की है कि यह अभियान प्रत्येक रविवार को निरंतर जारी रहेगा और आने वाले सप्ताहों में और अधिक स्थानीय नागरिकों के जुड़ने की संभावना है। समिति ने सभी से अपील की है कि कृपया शिप्रा नदी में किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा न डालें और नदी की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें।