भोला दत्त कफल्टिया
बिन्दुखत्ता/महाबिन्देश्वर महादेव मन्दिर, बिन्दुखत्ता इन्द्रानगर द्वितीय में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा के दूसरे दिन प्रसिद्ध कथावाचक व्यास मनोज कृष्ण जोशी ने भक्तिभाव से ओत-प्रोत प्रवचन करते हुए कहा कि माँ दुर्गा ही समस्त सृष्टि की आधारशक्ति हैं। बिना शक्ति के शिव भी शव समान हैं। शक्ति ही सृजन, पालन और संहार की मूल प्रेरणा है।
व्यास जी ने देवी भागवत के प्रसंगों के माध्यम से बताया कि जब-जब संसार में अधर्म बढ़ा है, तब-तब माँ ने विभिन्न रूपों में अवतार लेकर धर्म की रक्षा की है। उन्होंने महिषासुर वध, शुम्भ-निशुम्भ संहार, और कात्यायनी स्वरूप का सुंदर वर्णन करते हुए कहा कि माँ का स्मरण मात्र से ही भक्त के जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि आज के भौतिक युग में भी यदि मानव माँ के चरणों में श्रद्धा, भक्ति और समर्पण भाव रखे तो जीवन में सुख, शांति और समृद्धि स्वतः ही प्राप्त होती है। माँ की कथा केवल श्रवण की नहीं, बल्कि जीवन में उतारने की साधना है।
व्यास मनोज कृष्ण जोशी ने यह भी कहा कि नारी शक्ति का सम्मान ही सच्ची भक्ति है। समाज में जब तक नारी को देवी स्वरूप नहीं माना जाएगा, तब तक सच्चे अर्थों में धर्म की स्थापना संभव नहीं है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में मातृशक्ति को सर्वोच्च स्थान दें।
इस अवसर पर मुख्य यजमान गोकुलानंद उपाध्याय, समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, व्यापार मण्डल अध्यक्ष लालकुआँ दीवान सिंह बिष्ट, चंद्रशेखर कर्नाटक, चेतन पांडे, बीना जोशी, नंदन ऐरी, मनोज बसनायत, शिवराज बिष्ट, रणजीत मेहरा, किसन, विपिन, सूर सिंह, पूरन नगरकोटी, कैलाश जोशी, सीमा रावत, बबीता बसनायत, सरिता गंगोला, देवकी गोस्वामी, माया उपाध्याय, पुष्पा भंडारी, गीता दानू, ईश्वर काला, धीरज कुंवर, भगवत डांगी, रमेश गोस्वामी, देव सिंह देवली, इंदर सिंह दानू, सागर शर्मा, पवन सनवाल, पंकज गोस्वामी, अमित दानू, विजय सामंत, भैरव दत्त नागिला, राधा वल्लभ पांडे, कैलाश ठाकुली, पुष्कर दानू, राजू भंडारी, लक्ष्मण भंडारी, जीवन सिंह रावत, देवेंद्र सिंह फर्स्वाण सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कथा स्थल पर भजन-कीर्तन और माँ के जयकारों से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने व्यास जी के प्रवचनों को गहरी श्रद्धा के साथ श्रवण किया और माँ के चरणों में अपनी मनोकामनाएँ अर्पित कीं।
भोला दत्त कफल्टिया
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
