हल्दूचौड़। भारत विकास परिषद, शाखा लालकुआँ द्वारा राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल के कृष्ण स्वरूप मेमोरियल सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा एवं देशभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती जी, विद्यालय के निदेशक श्रीष पाठक जी तथा भारत विकास परिषद के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात भारत विकास परिषद के सदस्यों द्वारा अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा लालकुआँ के अध्यक्ष चंद्रेश भाटिया, सह-सचिव जुगल किशोर गर्ग, वित्त सचिव शुभम अग्रवाल, उपाध्यक्ष (महिला सहभागिता) रितु अरोड़ा एवं कार्यक्रम संयोजक आशु खुराना संचालन हेमंत जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों को यमुना, सरस्वती, ब्रह्मपुत्र, कावेरी एवं सिंधु जैसे नाम दिए गए। प्रथम चरण में हिंदी समूह गान तथा तत्पश्चात संस्कृत समूह गान प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने मधुर स्वर, सामूहिक तालमेल एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति से सभी को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में संगीताचार्य विनिता पांडे, लता कुंजवाल एवं डिंपल जोशी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर चिल्ड्रंस एकेडमी के निदेशक श्रीष पाठक जी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता केवल हार-जीत का मंच नहीं, बल्कि सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का मंच है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यमुना टीम (एवरग्रीन स्कूल), द्वितीय स्थान सरस्वती टीम (इंदिरा अकादमी स्कूल), तृतीय स्थान ब्रह्मपुत्र टीम (चिल्ड्रंस एकेडमी), चतुर्थ स्थान कावेरी टीम (इमॉर्टल स्कूल) तथा पंचम स्थान सिंधु टीम (डॉन बॉस्को स्कूल) ने प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया।
भारत विकास परिषद द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
