गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 जनवरी 2026 को प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक श्री पी.सी. जायसवाल की अध्यक्षता में यात्री एवं माल यातायात तथा आय में वृद्धि को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक वाणिज्य विभाग के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में तीनों मंडलों के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक तथा मुख्यालय के वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में यात्री यातायात एवं राजस्व वृद्धि, मालभाड़ा यातायात में विस्तार, मालगोदामों के सुधार एवं उन्नयन तथा एन.एफ.आर. पॉलिसी के अंतर्गत स्थानीय व्यापारियों से समन्वय कर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रेल राजस्व बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर श्री जायसवाल ने लखनऊ मंडल एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक कार्यालय के टिकट चेकिंग संवर्ग के एक-एक कर्मचारी को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उन्होंने यात्रियों को अनारक्षित टिकट की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रेल वन ऐप के प्रचार, एटीवीएम की संख्या बढ़ाने तथा मोबाइल टिकटिंग मशीन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही रेल मदद पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा सभी स्टेशनों पर न्यूनतम आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित सुविधाएं एवं हेल्प बूथ स्थापित करने हेतु भी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक ने बिना टिकट यात्रा की रोकथाम के लिए नियमित बस रेड और ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/यात्री सेवाएं श्री विजय कुमार, मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/फ्रेट मार्केटिंग श्री अनिल कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/फ्रेट मार्केटिंग श्री सुमित कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/यात्री सेवाएं श्री आशीष कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक/इज्जतनगर श्री संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक/लखनऊ श्री आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक/वाराणसी श्री शेख शमीउर्रहमान सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/यात्री सेवाएं श्री विजय कुमार ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
