तीन युद्धों के योद्धा रहे लाल सिंह रौतेला का निधन 

ख़बर शेयर करें

 

जगमोहन रौतेला
काण्डा/हल्द्वानी – बागेश्वर जिले के कमस्यार घाटी के नरगोली गॉव निवासी पूर्व सैनिक लाल सिंह रौतेला का बुधवार को बागेश्वर में सरयू घाट में परम्परागत धार्मिक रीति से अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव देह को मुखाग्नि बड़े पुत्र बिशन सिंह रौतेला और मंझले बेटे दीपक सिंह रौतेला ने दी। वे लगभग 94 साल के थे।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना के सिग्नल कोर से हवलदार के पद से सेवानिवृत लाल सिंह रौतेला का मंगलवार को ह्रदय गति रुकने से निधन हो गया था। वे पिछले कुछ दिनों से उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। एक हफ्ते से उनकी शारीरिक परेशानियां बढ़ गई थी। उनका मंझला बेटा दीपक उन्हें घर नरगोली से बेरीनाग अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने दवाइयां देकर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी ले जाने को कहा। हल्द्वानी ले जाने से पहले ही मंगलवार देर शाम को उन्हें हार्ट अटैक आया और वो अनन्त यात्रा पर चल दिए।
पूर्व सैनिक लाल सिंह का जन्म 25 दिसम्बर 1933 को नरगोली गॉव में गांवली देवी और रतन सिंह रौतेला की पांचवीं संतान के तौर पर हुआ। वे चार भाइयों व एक बहन में सबसे छोटे थे। उन्होंने बोर्ड ऑफ हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट एजुकेशन, उत्तर प्रदेश से 1953 में काण्डा हायर सेकेंडरी स्कूल काण्डा (अल्मोड़ा) से हाई स्कूल और काण्डा से ही 1955 में इंटरमीडिएट किया और उसके के बाद 1956-57 में वह सेना के सिग्नल कोर में भर्ती हुए। उन्होंने 1962 में भारत-चीन और 1965 व 1971 में भारत-पाकिस्तान के साथ हुई लड़ाईयों में हिस्सा लिया था। तोनों ही लड़ाईयों में उन्होंने देश के लिए अपनी वीरता प्रदर्शित की थी। वे सेना से 1977 में रिटायर हुए।
वे अपने पीछे 85 वर्षीय पत्नी कौशल्या रौतेला और तीन पुत्रों बिशन सिंह रौतेला, दीपक रौतेला, गणेश रौतेला और दो विवाहित बेटियों सरोज व पुष्पा खाती का भरा-पुरा परिवार छोड़ कर गए हैं। उनके दो बेटे बिशन और दीपक अध्यापक हैं तो सबसे छोटे बेटे गणेश रौतेला आइटीबीपी में डिप्टी कमांडेंट के पद पर सेवारत हैं और इस समय भारतीय शान्ति सेना में अफगानिस्तान में तैनात हैं।
उनके निधन पर कपकोट के विधायक विधायक सुरेश सिंह गड़िया, पूर्व विधायक ललित सिंह फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिला पंचायत सदस्य सरोज आर्या, वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन रौतेला, ग्राम प्रधान चन्द्रशेखर सिंह रौतेला, पूर्व खण्ड शिक्षाधिकारी भगवत सिंह रौतेला, पूर्व प्रधानाचार्य मनोहर सिंह रौतेला, कैलाश रौतेला, वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश रौतेला, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता बोरा, खड़क सिंह खाती आदि ने पूर्व सैनिक लाल सिंह रौतेला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। ***

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad