“हल्दुचौड़ की अनदेखी समस्याओं को लेकर जनजागरण की हुंकार, 21 दिसंबर को मथुरा पैलेस में वृहद जनसभा”

ख़बर शेयर करें

हल्दुचौड़।
क्षेत्र की वर्षों से उपेक्षित समस्याओं, बढ़ती जनचिंताओं और प्रशासनिक उदासीनता के विरुद्ध अब हल्दुचौड़ में सामूहिक जनआवाज बुलंद होने लगी है। इसी क्रम में शनिवार को देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, ग्राम प्रधानों एवं व्यापारियों ने क्षेत्रीय विकास की धीमी गति पर गहरी चिंता व्यक्त की।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निष्कर्ष निकाला गया कि अब बिखरी आवाज़ों के बजाय एक गैर-राजनीतिक, संगठित और प्रभावी जनमंच की आवश्यकता है, जो हल्दुचौड़ व आसपास के क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं को मजबूती से उठाकर समाधान की दिशा में दबाव बना सके।
बैठक में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार को गंभीर सामाजिक संकट बताया गया। कनिष्ठ प्रमुख कमल भंडारी ने कहा कि नशे की आसान उपलब्धता के कारण युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है, जिससे सामाजिक ढांचा कमजोर हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशा माफिया पर सख्त कार्रवाई, वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण तथा क्षेत्र में निरंतर प्रतिबंधात्मक अभियान चलाने की मांग की।
सड़कों पर छुट्टा व बेसरा गोवंश की बढ़ती संख्या भी बैठक का अहम मुद्दा रही। सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने बताया कि गोवंश के कारण कई दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं और कई बार बड़े हादसे होते-होते बचे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बेसरा पशुओं को तत्काल स्थानीय गौशालाओं में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हल्दुचौड़ कट और यातायात अव्यवस्थाओं को लेकर भी तीखी नाराजगी व्यक्त की गई। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष गोपाल अधिकारी एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट ने कहा कि कट के न खुलने से हजारों लोगों को रोजाना लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे न केवल आमजन बल्कि व्यापार और आर्थिक गतिविधियाँ भी प्रभावित हो रही हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रविवार, 21 दिसंबर को दोपहर 2 बजे मथुरा पैलेस में एक वृहद जनसभा आयोजित की जाएगी। इस जनसभा में जनता की उपस्थिति में क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर ठोस प्रस्ताव पारित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। सभा में सभी ग्राम प्रधानों, बीटीसी सदस्यों, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया है।
बैठक में छात्र महासंघ उपाध्यक्ष सचिन फुलारा, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट, महेश चंद्र जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष गोपाल अधिकारी, कनिष्ठ प्रमुख कमल भंडारी, ग्राम प्रधान भुवन पवार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य योगेश जोशी, भास्कर बमेटा, विनोद भट्ट, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि रोहित बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि अब हल्दुचौड़ की समस्याएं चुपचाप नहीं सहीं जाएंगी, बल्कि संगठित जनशक्ति के माध्यम से समाधान तक संघर्ष किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  महाप्रलय के चक्रव्यूह में छिपा कलिकाल का परम गोपनीय मोक्ष-द्वार: जहां बर्फ के सीने में खौलता है ‘अग्निकुंड’ और साक्षात भगवती महालक्ष्मी बनाती हैं महाप्रसाद!
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad