“पूर्वोत्तर रेलवे के भगवान सहाय मीना को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 से सम्मानित”

ख़बर शेयर करें

बरेली/इज्जतनगर।
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के मुख्य यातायात निरीक्षक श्री भगवान सहाय मीना को भारतीय रेल में असाधारण योगदान के लिए 70वां अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 प्रदान किया गया। यह सम्मान 09 जनवरी 2026 को इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (यशोभूमि), द्वारका, नई दिल्ली में माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में दिया गया।
इस समारोह में इज्जतनगर मंडल के श्री मीना सहित भारतीय रेल के कुल 100 समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
श्री भगवान सहाय मीना का योगदान
अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित श्री मीना ने 14 नवम्बर, 2023 को ट्रेन संख्या 05348 से स्टेशन निरीक्षण हेतु जाते समय ब्लॉक खंड राया-सोनाई के मध्य असामान्य गंध महसूस की। तत्परता दिखाते हुए उन्होंने सोनाई यार्ड में जाँच के दौरान चक्के में लगी आग देखी और तुरंत स्टेशन स्टाफ को सूचित किया। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक, ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट के सहयोग से अग्निशामक यंत्र का उपयोग कर आग को बुझाया और चक्का सुरक्षित रूप से रिलीज कराया।
श्री मीना की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई ने संभावित दुर्घटना को टालने में अहम भूमिका निभाई और ट्रेन की निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की।