सजगता से टली बड़ी रेल दुर्घटना, बरेली सिटी के गाड़ी प्रबंधक रामवीर ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ से सम्मानित

ख़बर शेयर करें

 

बरेली, 15 जनवरी 2026।
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किए जाने की कड़ी में महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर ने महाप्रबंधक सभाकक्ष में चार रेलकर्मियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित कर नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
इनमें इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी स्टेशन पर गाड़ी प्रबंधक/माल के पद पर कार्यरत श्री रामवीर को उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। श्री रामवीर ने 11 अक्टूबर 2025 को मालगाड़ी पर कार्य के दौरान बनियाना स्टेशन पर अपनी गाड़ी से गाड़ी संख्या 15061 को ‘ऑल राइट’ सिग्नल दिखाते समय पिछले एस.एल.आर./गार्ड ब्रेकयान से तीसरी बोगी के पहिये से चिंगारी निकलते हुए देखी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना इज्जतनगर कंट्रोल को दी।
सूचना के आधार पर गाड़ी को रामगंगा में रोका गया, जहां जांच के दौरान कोच का ब्रेक बीम टूटा हुआ पाया गया। बाद में बरेली सिटी में सवारी मालडिब्बा स्टाफ द्वारा मरम्मत कर गाड़ी को संचालन हेतु फिट घोषित किया गया। श्री रामवीर की सजगता और सतर्कता से एक संभावित रेल दुर्घटना को समय रहते टाल दिया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार सहित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने श्री रामवीर के सराहनीय कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें साधुवाद दिया।
रेल प्रशासन ने कहा कि कर्मचारियों की सतर्कता और जिम्मेदारी ही सुरक्षित रेल संचालन की सबसे मजबूत कड़ी है।