अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विठोरिया में सामूहिक योगाभ्यास, भाजपा नेता मनोज पाठक की पहल पर सैकड़ों लोगों ने किया योग

ख़बर शेयर करें

कालाढूंगी, 21 जून।
बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में विठोरिया में एक भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा नेता मनोज पाठक के संयोजन में उत्तरांचल उत्थान परिषद के तत्वावधान तथा इकपर्णिका योग परिवार द्वारा विठोरिया स्थित इकपर्णिका भवन के सामने विशाल मैदान में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
शिविर में प्रसिद्ध योग शिक्षिका सोनिया के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर योग शिक्षिका सोनिया ने उपस्थित लोगों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी और नियमित प्राणायाम करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मनोज पाठक ने योग के प्रति अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारी से संघर्ष के दौरान योग को अपनाने के बाद उनके स्वास्थ्य में निरंतर अभूतपूर्व सुधार हुआ। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने अपने आवास एवं जज फार्म क्षेत्र में नियमित योग कक्षाओं की शुरुआत की, जिसका लाभ प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग प्राप्त कर रहे हैं और निरोग हो रहे हैं।
इस दौरान स्थानीय पार्षद दीपक बिष्ट ने मनोज पाठक के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि मनोज पाठक जी के निस्वार्थ प्रयासों से क्षेत्र के सैकड़ों लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने योग के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के लिए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
इस भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में नरेंद्र बोरा, सतीश पंत, भावना पाठक, राजेश भारद्वाज, मयंक, डी.एन. पाठक, सुचित्रा सनवाल, रूचि गोस्वामी, निर्मल उपाध्याय सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी और योग प्रेमी उपस्थित रहे।