बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर अत्याचार व मानवाधिकार उल्लंघन के विरोध में राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा

ख़बर शेयर करें

लालकुआँ। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रही हत्या, हमले, मंदिरों पर तोड़फोड़ और जबरन धर्मांतरण की घटनाओं के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति महोदय को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार लालकुआँ के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि भारत सरकार बांग्लादेश सरकार के सामने इस मुद्दे को कूटनीतिक स्तर पर मजबूती से उठाए और वहां रह रहे हिंदू समुदाय की सुरक्षा एवं धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित कराई जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कई महीनों से बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय पर निरंतर अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। मंदिरों पर हमले, मूर्तियों को खंडित करना, दुकानों में लूटपाट, महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार तथा जबरन धर्म परिवर्तन जैसी घटनाओं ने अल्पसंख्यक हिंदू समाज में भय का वातावरण पैदा कर दिया है। इन घटनाओं की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निंदा की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मांग की कि भारत सरकार बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे हमलों, हत्याओं और मानवाधिकार उल्लंघन के मामलों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से रखे। साथ ही भारत-बांग्लादेश द्विपक्षीय संबंधों के तहत वहां की सरकार पर प्रभावी कदम उठाने का दबाव बनाया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवन पाण्डे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में हिंदू समुदाय की सुरक्षा, सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेन्द्र बोरा व प्रदेश प्रवक्ता बीना जोशी सहित नगर कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल रहे।