हल्द्वानी। श्री आनंद आश्रम द्वारा संचालित बाबा नीम करोली वृद्धाश्रम में संगीतमय सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट उपस्थित रहे। अयोध्या धाम से पधारे श्री सीता सदन श्रीधाम के पीठाधीश्वर परम पूज्य किशोरी शरण जी महाराज तथा शास्त्रीय गायक त्रिलोक चंद्र जोशी द्वारा सुंदरकांड का भावपूर्ण पाठ किया गया, जिसे सुनकर वृद्धाश्रम में विराजमान बुजुर्ग भाव-विभोर हो उठे।
पूजा-आरती के पश्चात उपस्थित भक्तों एवं बुजुर्गों को प्रसाद व भोजन कराया गया। इस अवसर पर किशोरी शरण जी महाराज ने संस्था की अध्यक्षा श्रीमती कनक चंद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बुजुर्गों की निस्वार्थ सेवा में निरंतर अग्रसर रहने का आशीर्वाद दिया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि श्री आनंद आश्रम संस्था पिछले नौ वर्षों से निःस्वार्थ भाव से उत्तराखंड के असहाय एवं बेघर बुजुर्गों की उत्कृष्ट सेवा कर रही है। उन्होंने स्मरण कराया कि 2 मई 2025 को संस्था को भूमि उपलब्ध कराने की पहल की गई थी तथा उसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा संस्था का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया था।
कार्यक्रम के समापन पर सांसद अजय भट्ट ने एक बार पुनः आश्वस्त किया कि संस्था को भूमि अवश्य उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि यह आश्रम और अधिक व्यवस्थित ढंग से सेवा कार्य संचालित कर सके। उन्होंने कहा कि वृद्ध सेवा के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए कनक चंद को तीलू रौतेली राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाना उनके समर्पण और परिश्रम का प्रतिफल है।
श्री आनंद आश्रम द्वारा समय-समय पर बुजुर्गों के लिए सांस्कृतिक व आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। संस्था का उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद, असहाय एवं बेघर वृद्धजनों के जीवन में सहारा बनना है। सांसद ने कहा कि ऐसे पुनीत कार्यों के लिए सरकार एवं प्रशासन दोनों का सहयोग मिलता रहेगा तथा वे स्वयं भी हर संभव समर्थन देते रहेंगे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
