नैनीताल।
नववर्ष के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए एक सराहनीय पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद पुलिस ने 206 फरियादियों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन लौटाकर नववर्ष की सौगात दी। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 33 लाख 46 हजार 200 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार माह नवम्बर से दिसम्बर के दौरान नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप एवं CEIR पोर्टल के माध्यम से विभिन्न ब्रांड के मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को मोबाइल फोन बरामद करने के सख्त निर्देश दिए।
यह कार्रवाई एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्रा एवं एसपी सिटी हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑप्स हल्द्वानी श्री अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक, प्रभारी मोबाइल ऐप (साइबर सेल) श्री गणेश सिंह मनोला के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने फरियादियों के प्रार्थना पत्रों के आधार पर IMEI नंबरों को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस कर मोबाइल फोनों की लोकेशन का पता लगाया।
कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों से विभिन्न ब्रांड के कुल 206 मोबाइल फोन बरामद किए, जिन्हें उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द किया गया।
अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर सभी फरियादी अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए और उन्होंने SSP नैनीताल तथा पूरी नैनीताल पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
बरामद मोबाइल फोन का विवरण:
आईफोन – 02
सैमसंग – 25
ओप्पो – 42
वन प्लस – 14
रेडमी/रियलमी – 42
वीवो – 43
पोको – 08
अन्य – 30
कुल मोबाइल फोन – 206
अनुमानित मूल्य – ₹33,46,200
पुलिस टीम में शामिल:
▪️ निरीक्षक श्री गणेश सिंह मनोला
▪️ हेड कांस्टेबल बलवन्त सिंह
▪️ कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति
नैनीताल पुलिस की इस पहल से न केवल आमजन का भरोसा और मजबूत हुआ है, बल्कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से अपराध नियंत्रण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी गया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
