नैनीताल। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनज़र जनपद नैनीताल में खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल द्वारा जारी आदेश के अनुसार दिनांक 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 08 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थान) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में बताया गया है कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा एवं ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त तिथि को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक कार्य पूर्णतः बंद रहेगा। साथ ही आदेश के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश देते हुए यह भी कहा गया है कि किसी भी प्रकार की शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम जनता से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
