जन-जन की सरकार – जन-जन के द्वार ‘ अभियान के तहत जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने महिला सभागार गरमपानी में सुनी क्षेत्र की समस्याएं, भूमि सम्बन्धित अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही किया समाधान

ख़बर शेयर करें

जन-जन की सरकार – जन-जन के द्वार ‘ अभियान के तहत जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने महिला सभागार गरमपानी में सुनी क्षेत्र की समस्याएं, भूमि सम्बन्धित अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही किया समाधान

+ 23 विभागों की सहभागिता से जनकल्याणकारी योजनाओं का न्याय पंचायत स्तर पर मिलेगा इस अभियान का लाभ

+ शहीद बलवन्त सिंह मोटर मार्ग को मल्ला बरधौ से गाऱ्यो तक पीएमजीएसवाई के तहत वैकल्पिक मार्ग के जरिए रातीघाट – बेतालघाट मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए दलीप बोहरा के प्रस्ताव पर डीएम ने दिए सर्वे कराने के निर्देश

+ ग्राम थापली के परम्परागत जल स्रोत ( गधेरे में ) से मिनी लिफ्ट योजना में गॉव में पहुंचाने को बहादुर सिंह जलाल के प्रस्ताव पर भी डीएम ने सम्बन्धित विभाग को दिए अविलम्ब सर्वे के निर्देश

” केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से कोई भी परिवार वंचित न रहे, इस हेतु आयोजित होने जा रहे इन शिविरों में प्रत्येक लाभार्थी को सरकारी योजनाओं से पूर्णतः संतृप्त करें ।
सरकारी विभाग योजनाओं से वंचित रह चुके लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान करने हुए उनके आवेदन पत्रों को भरकर लाभ प्रदान करें
शिविर में सहकारी समिति गरमपानी में वित्तीय अनियमितता की शिकायत आने एवं लोगों की जमापूंजी वापस न देने संबंधित प्रकरण पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित के खिलाफ आज ही एफआईआर दर्ज कराई जाए ।
भवाली से क्वारब तक विभिन्न पड़ावों पर महिलाओं के लिए, जिला पंचायत शौंचालयों का निर्माण करे ।
खराब सड़क, दुर्घटनाओं को न्योता न दें, इस हेतु सड़क मार्ग को दुरुस्त रखते हुए नाली कवर करने के साथ ही जगह-जगह पर रिफ्लेक्टर व सड़क सुरक्षा से संबंधित उपाय कराए जाएं । “
( जिलाधिकारी – नैनीताल )

नैनीताल(खैरना- गरमपानी ) ।
आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने एवं उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान व निस्तारण करने हेतु सरकार द्वारा *जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार* अभियान के तहत राज्य के सभी जनपदों में ग्राम पंचायत एवं न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन कराया जा रहा है।

45 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के अन्तर्गत जनपद नैनीताल में बुधवार को इसकी शुरुआत श्री कैंचीधाम तहसील के न्याय पंचायत गरमपानी से की गई। महिला सभागार खैरना- गरमपानी में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा किया गया।

शिविर में कुल 107 शिकायतें पंजीकृत की गई, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान नहीं हो पाया, उन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक निर्धारित तिथि तक समाधान करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  विभूति फीचर्स के लेखक, वरिष्ठ पत्रकार कुमार कृष्णन सम्मानित

शिविर में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण, पेयजल, सम्पर्क लिक मार्ग, विद्युत, सिंचाई आदि से संबंधित शिकायतें क्षेत्रीय जनता द्वारा प्रमुखता से जिलाधिकारी के सम्मुख रखी गई।

शिविर में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दलीप बोहरा द्वारा शहीद बलवन्त सिंह मोटर मार्ग को रातीघाट – बेतालघाट मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ने हेतु ग्राम मल्ला बरधौ से सिलोटी तोकर होकर गान्यो तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ( पीएमजीएसवाई ) में एक वैकल्पिक मार्ग बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि आपदा की स्थितियों में क्षेत्र में कनेक्टिविटी बनी रह सके । जिलाधिकारी ने शिविर उपस्थित पीएमजीएसवाई की जे ई को अविलम्ब सर्वे करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ।

इसी क्रम में बहादुर सिंह जलाल ने ग्राम थापली के एक किमी नीचे गधेरे में स्थित परम्परागत जल स्रोत से एक मिनी पम्पिंग लिफ्ट योजना में पेयजल गॉव में पहुंचाने का प्रस्ताव रखा, ताकि गॉव की पेयजल व्यवस्था सुचारू हो सके । इस पर भी जिलाधिकारी द्वारा विभागीय अधिकारियों को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम मल्ला वरधौ की प्रधान आशा देवी ने कहा कि उनकी ग्राम सभा में कई लोग पेयजल कनेक्शन से वंचित रह गए हैं। इस पर डीएम ने जलनिगम के अधिकारियो को यथाशीघ्र पेयजल कनेक्शन कराने के निर्देश दिए ।
ग्राम बजेड़ी निवासी सुरेश चंद जोशी द्वारा गांव में झूलते विद्युत तारों की समस्या के समाधान हेतु अतिरिक्त विद्युत पोल लगाए जाने की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिशासी अभियंता विद्युत को समस्या का त्वरित समाधान हेतु आवश्यकतानुसार अतिरिक्त विद्युत पोल एक सप्ताह के भीतर लगाने के निर्देश दिए।

शिविर में हरोली – गैरखाल सड़क जो आपदा में क्षतिग्रस्त हो गई थी, उसके मरम्मत के संबंध में उप जिलाधिकारी कैंचीधाम एवं ग्रामीण निर्माण विभाग को तत्काल आपदा में प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न गांव में बंदरों एवं जंगली जानवरों से हो रहे फसल को नुकसान की शिकायत पर जिलाधिकारी ने वन विभाग व उरेडा को वन्य जीव से हो रहे नुकसान को रोकने हेतु सोलर फेंसिंग व अन्य उपाय के साथ ही पिजड़ा लगाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत डोबा में झूला पुल और ग्राम पंचायत गरमपानी में मोटर पुल की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल आंकलन तैयार कर डीपीआर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  पहाड़ के युवाओं की मुखर आवाज़ या संगठन का मजबूत संवाहक: सादगी, संघर्ष और जनसेवा के पर्याय दीपेन्द्र कोश्यारी के जन्मोत्सव पर क्यों उमड़ा शुभकामनाओं का सैलाब?

बुधलाकोट पंगोट मोटर मार्ग के निर्माण के संबंध में प्राप्त आवेदन पर जिलाधिकारी ने अवगत कराया की पूर्व में उक्त सड़क निर्माण हेतु की गई सर्वे में अधिक संख्या में पेड़ होने के कारण वन विभाग की अनापत्ति नहीं मिल पाई,शीघ्र ही पुनः सर्वे कराया जाएगा, जहां से पेड़ों की संख्या कम आएगी,ताकि वन विभाग से अनापत्ति मिल सके।

शिविर में सहकारी समिति गरमपानी में वित्तीय अनियमितता की शिकायत आने एवं 3 शिकायत कर्ताओं द्वारा उनकी जमापूंजी वापस न देने संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने विभाग से आए अधिकारियों से उक्त प्रकरण की जानकारी ली, जिस पर उनके द्वारा अवगत कराया गया कि विगत लंबे समय से मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में जांच पूरी न होने और वित्तीय अनियमितता का प्रकरण होने पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधितों के खिलाफ आज ही एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

शिविर में मझेड़ा नहर से गांव के 65 परिवारों को सिंचाई योजना का लाभ न मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल गांव में जाकर मौका मुआयना करते हुए क्षतिग्रस्त भाग में सिंचाई नहर की शीघ्र मरम्मत कर पानी सुचारू करने के निर्देश दिए।

गांव में छोटी-छोटी सड़क व संपर्क मार्गों की मांग पर प्राप्त आवेदनों के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में उनके प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग एवं ग्रामीण निर्माण विभाग को दिए।

इस दौरान गरमपानी में सुलभ शौचालय की समस्या एवं खैरना में विश्राम गृह का निर्माण किए जाने संबंधित मॉग के संबंध में जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को शीघ्र ही शौचालय को संचालन योग्य बनाने व खैरना में विश्राम गृह निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को दिए।

इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़क किनारे खुली नाली को ढकने वह वाहन दुर्घटनाओं को रोके जाने हेतु रिफ्लेक्टर लगाए जाने की मांग पर जिला अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिप्रा नदी में भारी पत्थर एवं बोल्डर से हो रहे खतरे के निदान हेतु जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को आगामी मानसून से पहले बड़े पत्थर व बोल्डर को तकनीकी रूप से हटाने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग में विभिन्न स्थानों में सड़क किनारे खड़े वाहनों जिनके कारण वाहन दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है व जाम की भी समस्या रहती हैं उसके समाधान व वाहन दुर्घटना को रोके जाने हेतु जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को पुलिस के साथ नियमित रूप से संयुक्त अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों का चालानी कार्रवाई करना सूचित करें।

यह भी पढ़ें 👉  महाप्रलय के चक्रव्यूह में छिपा कलिकाल का परम गोपनीय मोक्ष-द्वार: जहां बर्फ के सीने में खौलता है ‘अग्निकुंड’ और साक्षात भगवती महालक्ष्मी बनाती हैं महाप्रसाद!

प्राथमिक विद्यालय हरतपा के क्षतिग्रस्त भवन के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और ग्रामीण निर्माण विभाग को जीर्ण शीर्ण भवन को पूर्ण ध्वस्त करते हुए मलवे की सफाई कर नए भवन के निर्माण के संबंध में शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

शिविर में सेठी – बेलगांव निवासी सुरेंद्र सिंह द्वारा भूमि संबंधी रिकॉर्ड ठीक करने की मांग पर जिलाधिकारी ने तत्काल उप जिला अधिकारी को खाता खतौनी जांच कर संबंधित व्यक्ति के भूमि रिकॉर्ड को सही करने के निर्देश दिए।

शिविर में जिले के विभिन्न विभागों के द्वारा अपने -अपने विभागीय स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ क्षेत्रीय जनता को प्रदान किया गया, जिसमें समाज कल्याण, ग्राम्य विकास विभाग,उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण,कृषि, जल जीवन मिशन,दुग्ध विकास सेवायोजन,होम्योपैथिक, पंचायतीराज, आयुर्वेदिक चिकित्सा,महिला कल्याण एवं बाल विकास, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व,ग्रामीण आजीविका मिशन,यूसीसी आदि विभाग शामिल रहे।इन विभागों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को प्रदान किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 59 लोगों का स्वास्थ्य उपचार कर निशुल्क दवा वितरित की गई। आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 50 लोगों का व होम्योपैथिक विभाग द्वारा 46 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा दी गई। पशुपालन विभाग द्वारा 21 पशुपालकों को निशुल्क दवा वितरित की गई। बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत तीन आवेदन भरे गए। 17 किसानों को कृषि यंत्र व जैविक खाद कृषि विभाग द्वारा वितरित की गई। इसी प्रकार उद्यान विभाग द्वारा पांच लाभार्थियों को विभागीय योजना का लाभ दिया गया। रोजगार विभाग द्वारा दो युवाओं का रोजगार पंजीकरण किया गया। विद्युत विभाग द्वारा 6 लोगों के विद्युत संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया गया। जल संस्थान द्वारा दो उपभोक्ताओं के पानी के बिल जमा किए गए। इसी प्रकार अन्य विभागों द्वारा भी अपनी विभागीय योजना का लाभ स्थित जनता को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दलीप बोहरा, क्षेत्र प्रमुख बेतालघाट अंकित शाह,सांसद प्रतिनिधि मदन मोहन कैड़ा, विधायक प्रतिनिधि रमेश सुयाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट,उप जिला अधिकारी श्री कैंचीधाम मोनिका,सहायक परियोजना अधिकारी ,चंद्रा फर्त्याल, खण्ड विकास अधिकारी पंकज जोशी, ग्रामसभा मल्ला बरधौ की प्रधान आशा देवी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेवारी दलीप बोहरा द्वारा निभाई गई ।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad