हल्द्वानी।
महिला सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। फेसबुक पर LIVE वीडियो के माध्यम से वाहन चलाते हुए गाली-गलौच करने और राह चलती महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
मामला रक्षित शर्मा नामक फेसबुक यूजर से जुड़ा है, जिसने सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण के दौरान न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं को निशाना बनाते हुए अश्लील कमेंट भी किए। वीडियो के वायरल होते ही SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और इसे महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर अपराध मानते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
SSP के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रक्षित शर्मा पुत्र ललित शर्मा, निवासी दमुवाढूगा को हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध FIR संख्या 4/26 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया तथा धारा 172 बीएनएस के अंतर्गत पुलिस हिरासत में लिया गया।
SSP नैनीताल का सख्त संदेश
डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद नैनीताल पुलिस महिला सुरक्षा, गरिमा और सम्मान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया या सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा, अश्लील टिप्पणी अथवा आपत्तिजनक व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, बल्कि समाज को भी यह कड़ा संदेश गया है कि सोशल मीडिया की आड़ में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
