नैनीताल: आगामी विंटर कार्निवाल, क्रिसमस, 31 दिसंबर और नव वर्ष 2025 के उत्सवों को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड पर है। जनपद में सैलानियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और कार्यक्रमों के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड द्वारा कार्यक्रमों की सीधी मॉनिटरिंग करते हुए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने 24 दिसंबर, 2025 को सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्देश :
सभी राजपत्रित अधिकारी और प्रभारियों को कार्यक्रमों की अवधि तक बावर्दी बनाए रखने और मोबाइल फोन ऑन रखने के निर्देश। जनपद के सभी बैरियरों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती और वीडियो निगरानी।
समस्त बॉर्डर क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों जैसे गड्डप्पू, प्रतापपुर, हल्दुआ, गोलापुल, नैनी बैंड, भवाली चौराहा आदि पर दिन-रात सघन चेकिंग। होटल/रिसॉर्ट में ठहरने वाले सभी विदेशी पर्यटकों का फॉर्म-सी भरना अनिवार्य, नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी, अफवाह फैलाने वालों या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही।
एसएसपी नैनीताल ने कहा, “कार्निवाल हर्षोल्लास का महोत्सव है और यह आठ वर्षों बाद पुनः आयोजित हो रहा है। आमजन और सैलानी कानून के दायरे में रहकर इसका आनंद लें। अराजक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
नैनीताल पुलिस का संदेश स्पष्ट है—सुरक्षा प्राथमिकता, सतर्कता निरंतर, और उत्सव में आनंद कानून के दायरे में ही।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
