उत्तरायणी मेले को भव्य स्वरूप देने की तैयारी तेज पर्वतीय संस्कृति, लोककला और नवोदित कलाकारों को मिलेगा नया मंच

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच, हीरानगर हल्द्वानी द्वारा आगामी 7 जनवरी से 15 जनवरी तक आयोजित होने वाले उत्तरायणी मेले की तैयारियों को लेकर गहन चर्चा की गई। मंच परिसर में आयोजित बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति में मेले को अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक को संबोधित करते हुए मंच के संरक्षक हुकम सिंह कुंवर ने कहा कि उत्तरायणी मेला पर्वतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसे भव्य रूप देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ के नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करने और आकर्षक झांकियों के निर्माण पर जोर दिया। साथ ही पर्वतीय जनता से अधिक से अधिक झांकियां लाने की अपील करते हुए मेले को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  विभूति फीचर्स के लेखक, वरिष्ठ पत्रकार कुमार कृष्णन सम्मानित

मंच के अध्यक्ष खड़क सिंह बगड़वाल ने जानकारी दी कि 14 जनवरी को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही मंच का एक प्रतिनिधिमंडल देहरादून जाकर मुख्यमंत्री को विधिवत आमंत्रण देगा।

यह भी पढ़ें 👉  हिमशिखरों के अन्तराल में छिपा मोक्ष का अनादि रहस्य: श्री बद्रीनाथ

बैठक में संस्थापक सदस्य भुवन जोशी, उपाध्यक्ष गोपाल सिंह बिष्ट, सचिव देवेंद्र तौलिया, कोषाध्यक्ष त्रिलोक बनौली, तथा कार्यकारिणी सदस्य बृज मोहन बिष्ट, धर्म सिंह, ललित सिंह, दीपक सुयाल, आनंद सिंह अधिकारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर उत्तरायणी मेले को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का संकल्प लिया।