कुचौली में महायज्ञ की तैयारी तेज, गायत्री भवन सजा; प्रवासी जनों के आगमन से लौटेगी गाँव की रौनक

ख़बर शेयर करें

जनपद बागेश्वर के दूरस्थ ग्राम कुचौली में प्रस्तावित महायज्ञ को लेकर तैयारियाँ पूरे उत्साह के साथ प्रारम्भ हो गई हैं। गाँव स्थित गायत्री भवन को भव्य रूप से सजाया जा रहा है, जहाँ यज्ञ से जुड़े विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इस महायज्ञ के आयोजन की सूचना मिलते ही गाँव से बाहर रह रहे बड़ी संख्या में प्रवासी जनों के भी कुचौली पहुँचने की संभावना जताई जा रही है।
पलायन की पीड़ा झेल रहे इस पहाड़ी गाँव में लंबे समय बाद इस धार्मिक आयोजन को लेकर नई ऊर्जा और उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि महायज्ञ के बहाने वर्षों से सूने पड़े गाँव में फिर से रौनक लौटेगी और अपने पुश्तैनी घरों से दूर रह रहे लोग भी अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए गाँव की ओर रुख करेंगे।
इस अवसर पर माँ भद्रकाली मंदिर के आचार्य योगेश पन्त ने कहा कि महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं बल्कि समाज को जोड़ने का एक पवित्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारे सनातन संस्कारों, परंपराओं और आपसी एकता को सुदृढ़ करते हैं। आचार्य पन्त के अनुसार यज्ञ के माध्यम से वातावरण की शुद्धि, लोककल्याण की भावना तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
यह महायज्ञ केवल आध्यात्मिक आस्था का ही नहीं बल्कि गाँव की सांस्कृतिक पुनर्जागरण का भी एक महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।