दिनांक: 9 जनवरी
स्थान: देहरादून
उत्तराखंड सरकार ने बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के संबंध में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इस प्रकरण की CBI जांच की सिफारिश को मंजूरी प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार, 9 जनवरी को यह निर्णय लेते हुए कहा कि यह कदम अंकिता के परिजनों की भावनाओं तथा जनमानस की अपेक्षाओं का सम्मान करते हुए उठाया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस प्रकरण में निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस मामले के प्रत्येक पहलू की वस्तुनिष्ठ जाँच आवश्यक है, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जा सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
प्रदेश भर में पिछले कई दिनों से इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग उठ रही थी। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भी CBI जांच की आवश्यकता पर बल दिया था। मुख्यमंत्री के निर्णय के बाद अब इस मामले में केंद्रीय जाँच एजेंसी द्वारा विस्तृत और गहन जांच का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
अंकिता भंडारी की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था और इस घटना ने महिला सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के विषय पर गंभीर प्रश्न खड़े किए थे। सरकार द्वारा CBI जांच की सिफारिश मंजूर किए जाने के बाद अब जनता में न्याय की नई आशा जाग्रत हुई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा “अंकिता हमारी बेटी थी। उसकी असमय और दुखद मृत्यु हम सभी के लिए पीड़ा का कारण है। पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए हमने CBI जांच की सिफारिश को मंजूरी दी है। राज्य सरकार न्याय की पूरी प्रक्रिया में उनके साथ खड़ी है।”
राज्य सरकार ने विश्वास व्यक्त किया है कि CBI इस मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई को सामने लाएगी और दोषियों को न्यायालय से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
