नैनीताल।
नव वर्ष के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल सहित जनपद में उमड़ने वाले पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात तथा शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रही है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने संभाल रखी है, जो लगातार सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
एसएसपी डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने जनपद के प्रमुख सरहदी बैरियरों, चौराहों, मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था सरल, सुगम एवं निर्बाध रहे, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुँच सकें।
टांडा तिराहा, सुभाषनगर बैरियर (लालकुआं), पुलिस चेक पोस्ट गोलापुल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर एसएसपी स्वयं उपस्थित रहकर यातायात संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
नव वर्ष के मद्देनज़र सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को सड़कों पर उतार दिया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। साथ ही पुलिस द्वारा चेकिंग, पेट्रोलिंग एवं निगरानी को और अधिक सघन कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने या कानून उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने सभी पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस द्वारा जारी यातायात योजना एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें, सहयोग बनाए रखें और नव वर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं यादगार बनाने में प्रशासन का साथ दें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
