(गौलापार/हल्द्वानी):
गौलापार क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी किरण डालाकोटी के परिवार पर आज दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी पूजनीय माताजी एवं स्व. श्री हीराबल्लभ डालाकोटी जी की धर्मपत्नी, श्रीमती पार्वती देवी का आज आकस्मिक निधन हो गया। वे 88 वर्ष की थीं। एक ममतामयी माँ और बुजुर्ग अभिभावक के रूप में उनका जाना न केवल डालाकोटी परिवार के लिए, बल्कि समूचे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
सादगी और संस्कारों की प्रतिमूर्ति थीं माताजी
स्व. श्रीमती पार्वती देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनका जीवन सादगी, धर्मपरायणता और सेवाभाव का एक अनुपम उदाहरण था। उनकी सौम्यता और वात्सल्यपूर्ण व्यवहार के कारण वे परिवार और आस-पड़ोस में अत्यंत सम्माननीय थीं। उनके आकस्मिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे पूर्वी खेड़ा गाँव में मातम पसरा हुआ है।
रानीबाग में होगा अंतिम संस्कार
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, माताजी की अंतिम यात्रा आज दोपहर 3:00 बजे उनके निवास स्थान पूर्वी खेड़ा, गौलापार से प्रस्थान करेगी। उनका अंतिम संस्कार चित्रशिला घाट, रानीबाग में पूरे वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने व्यक्त की संवेदना
इस दुखद घड़ी में क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने किरण डालाकोटी एवं उनके शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को यह वज्रपात सहन करने का संबल प्रदान करें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
