पिथौरागढ़।
धरती के गर्भ में स्थित रहस्यमय और अलौकिक पाताल भुवनेश्वर एवं वृद्ध भुवनेश्वर मंदिरों में इस वर्ष महाशिवरात्रि पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पाताल भुवनेश्वर मंदिर समिति ने 15 फरवरी 2026 को भव्य महाशिवरात्रि मेले के आयोजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
इस अवसर पर भगवान शिव के विशेष अभिषेक, रुद्राभिषेक, रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन, नृत्य, गायन शिव बारात एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष नीलम भण्डारी ने कहा —
“महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और शिव तत्व से जुड़ने का महापर्व है। पाताल भुवनेश्वर जैसे सिद्ध स्थल पर यह आयोजन भक्तों के लिए सौभाग्य का अवसर है। समिति श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आध्यात्मिक अनुभूति को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।”
महामंत्री जगत रावल ने बताया —
“इस बार मेले को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ धार्मिक अनुष्ठानों की भी सुनियोजित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु शिव भक्ति में पूरी तरह लीन हो सकें।”
उपाध्यक्ष त्रिलोक भण्डारी ने कहा —
“पाताल भुवनेश्वर की महिमा विश्व प्रसिद्ध है। महाशिवरात्रि के दिन यहां दर्शन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। हम सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध करते हैं कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर इस दिव्य पर्व का सहभागी बनें।”
कोषाध्यक्ष केदार भण्डारी ने जानकारी दी —
“मेला अवधि में सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। पुलिस एवं मंदिर कर्मियों की तैनाती रहेगी ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो।”
मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों और शिव भक्तों से अपील की है कि वे आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें और महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पाताल लोक की इस दिव्य धरा पर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
