नितिन लोहनी पर गोलीकांड लोकतंत्र पर हमला, उत्तराखंड में कानून व्यवस्था ध्वस्त: कांग्रेस

ख़बर शेयर करें

देहरादून।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नीरज तिवारी ने भाजपा के एक पदाधिकारी द्वारा नितिन लोहनी को गोली मारे जाने की घटना को जघन्य, शर्मनाक और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना उत्तराखंड में भाजपा सरकार के संरक्षण में पनप रहे अपराध और लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था की भयावह तस्वीर पेश करती है।

नीरज तिवारी ने कहा कि आज उत्तराखंड में बलात्कार, हत्याएं, छेड़छाड़, लूट और संगठित अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। सत्ता से जुड़े लोग और भाजपा के प्रतिनिधि खुलेआम कानून को हाथ में ले रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है और वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यह स्थिति सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा कि नितिन लोहनी पर हुआ यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे समाज, कानून व्यवस्था और प्रदेश की शांति पर सीधा हमला है। भाजपा सरकार के तथाकथित “सुशासन” के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें 👉  अयोध्या से लालकुआँ पहुंची एक दिव्य अनुभूति, अवंतिका शक्तिपीठ में सदियों पुरानी धूनी के पुनरुद्धार के पीछे छिपा है कौन सा आध्यात्मिक रहस्य?

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देवभूमि उत्तराखंड को अपराधभूमि में बदलने का पाप कर रही है, जो प्रदेश के भविष्य के लिए अत्यंत घातक है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में कानून का भय स्थापित हो सके।
नीरज तिवारी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना करती है और प्रदेश की जनता की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।