हल्दूचौड़ में 3 जनवरी को सजेगा श्री श्याम कृपा महोत्सव, भजनों की बहेगी अविरल धारा

ख़बर शेयर करें

हल्दूचौड़।
श्री श्याम सेवा मित्र मंडल, हल्दूचौड़ के तत्वावधान में तृतीय श्री श्याम कृपा महोत्सव का भव्य आयोजन शनिवार, 3 जनवरी 2026 को शास्त्री मार्केट, नया बाजार, गौला रोड (केशव प्लाजा के सामने) किया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत सायं 7 बजे से होगी, जिसमें बाबा श्याम के भजनों की अविरल धारा बहेगी।
महोत्सव में जयपुर से भजन प्रवाहक अजय शर्मा, काशीपुर से भजन प्रवाहिका निशा अरोड़ा तथा गौधाम हल्दूचौड़ से गोपीनाथ दास जी बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम का सशक्त मंच संचालन रिम्पी बिष्ट द्वारा किया जाएगा।
इससे पूर्व, उसी दिन प्रातः 10 बजे से शिव मंदिर गोपीपुरम से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा बाजार मार्गों से होते हुए डूंगरपुर पंचायत घर चौराहे तक जाएगी और वहां से पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी।
श्री श्याम सेवा मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न शहरों से श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों का श्रवण करने पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु चाय-पानी व लंगर सेवा की व्यवस्था की गई है तथा सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए हीटर की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
मंडल के सदस्यों ने जानकारी दी कि लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “बाबा श्याम हारे के सहारे हैं—जो भी सच्चे मन से उनके दरबार में आता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।”