पहाड़ों में बर्फबारी का कहर: नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ी, जनजीवन प्रभावित

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार दोपहर व रात से ही पहाड़ों में बर्फबारी शुरू हुई, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड और बढ़ गई है।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि बर्फबारी के कारण कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जिले के गागर, धारी और अन्य क्षेत्रों में बंद हुए सड़कों को खोलने का कार्य जारी है। इस कार्य का जायजा लेने के लिए उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट मौके पर मौजूद हैं।
मौसम और बर्फबारी के हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने सड़क, विद्युत, पेयजल समेत सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक बाहर न निकलने और सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है।
इसके अलावा, भारी बर्फबारी और वर्षा की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने जिले के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 8 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 24 जनवरी 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बर्फबारी के चलते रास्तों पर फिसलन बढ़ गई है और वाहन सावधानीपूर्वक ही चलाए जा रहे हैं। प्रशासन ने बचाव दल और आपदा प्रबंधन टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य असर:
पहाड़ों में कड़ी ठंड और बर्फबारी
यातायात प्रभावित, कई मार्ग अवरुद्ध
गागर, धारी और अन्य क्षेत्रों में बंद मार्गों को खोलने का कार्य जारी
स्कूलों और आंगनबाड़ियों में एक दिवसीय अवकाश
बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में बाधित
संबंधित विभागों को जिलाधिकारी द्वारा अलर्ट पर रखा गया