बरेली, 23 फरवरी 2026। पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल अंतर्गत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ इज्जतनगर द्वारा स्काउट कुटीर, रोड नं. 4 इज्जतनगर में लार्ड रॉबर्ट बेडेन पावेल एवं लेडी ओलाव बेडेन पावेल के जन्मदिवस के अवसर पर एक दिवसीय विशेष चिंतन दिवस शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार की अध्यक्षता में ध्वजारोहण के साथ हुआ।
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने लार्ड बेडेन पावेल की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उनके जीवन आदर्शों—सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रनिष्ठा—को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक सह-पाठ्यक्रम गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का सशक्त प्रशिक्षण है। विद्यार्थियों को सेवा, नेतृत्व, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को दैनिक जीवन में अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा चादरों, डंडों एवं रस्सियों की सहायता से तैयार किए गए टेंट एवं विभिन्न गैजेट्स का निरीक्षण किया और उनके कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा कोर, बरेली के सहयोग से स्काउट आंदोलन पर एक ज्ञानवर्धक सेमिनार भी आयोजित किया गया। एच.डब्ल्यू.बी. स्काउट अमित कुमार ने स्काउट आंदोलन के इतिहास, उद्देश्यों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के ध्वज के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।
सहायक उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कोर, बरेली प्रदीप डागर, डिप्टी पोस्ट वार्डन कवलजीत सिंह, फायर स्टेशन अधिकारी द्वितीय हरीश भल्ला, पोस्ट वार्डन प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य सेक्टर वार्डेन्स ने प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा, फायर फाइटिंग एवं सी.पी.आर. (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण के अंतर्गत मानवीय वैसाखी, दो हत्ता, तीन हत्ता, चार हत्ता, शीट एवं पीठ लदनी विधि, फायर मैन लिफ्ट तथा स्ट्रेचर द्वारा घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की विधियों का अभ्यास कराया गया। वहीं फायर फाइटिंग सत्र में आग के विभिन्न प्रकार, उन्हें नियंत्रित करने की तकनीक तथा अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग की जानकारी दी गई।
जिला सचिव हरिशंकर सागर ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में शांति, सूझबूझ और तत्परता से कार्य कर हम स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य जिला आयुक्त (स्काउट) एवं जिला आयुक्त (गाइड) तथा सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनू खिच्चर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह विशेष चिंतन दिवस जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) विजय मोहन शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
(संजीव शर्मा)
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक,
इज्जतनगर।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
