आगामी उत्सवों को लेकर एसएसपी नैनीताल ने की समन्वय गोष्ठी विंटर कार्निवाल, नैनीताल महोत्सव व नववर्ष 2026 पर पर्यटकों की सुरक्षा-सुविधा हेतु पुख्ता इंतज़ाम

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल। आगामी नैनीताल महोत्सव, विंटर कार्निवाल, क्रिसमस, 31 दिसम्बर तथा नव वर्ष 2026 के अवसर पर जनपद में संभावित भारी पर्यटक आगमन को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूर्ण रूप से सतर्क एवं तैयार है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा 19 दिसम्बर 2025 को पुलिस लाइन नैनीताल के सभागार में विभिन्न विभागों एवं स्टेकहोल्डर्स के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसपी नैनीताल/यातायात डॉ. जगदीश चन्द्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल, सम्भागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी एवं जिला पर्यटन अधिकारी नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  चीखती रात और खामोश तबाही: क्या अगली सुबह का सूरज देख पाएगा यह आशियाना?

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 दिसम्बर से जनपद नैनीताल में विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 22 दिसम्बर को नैनीताल से कैंची धाम तक ट्रैकिंग, 23 से 25 दिसम्बर तक मंचीय कार्यक्रम तथा 26 दिसम्बर को फूड फेस्टिवल आयोजित होगा।

गोष्ठी में क्रिसमस, नववर्ष एवं 31 दिसम्बर के अवसर पर अत्यधिक भीड़ के मद्देनज़र यातायात, पार्किंग, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नारायण नगर को मुख्य पार्किंग स्थल बनाए जाने के साथ, पार्किंग भरने की स्थिति में शटल सेवा संचालित करने का निर्णय लिया गया। सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त मैनपावर, प्रकाश एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  पहाड़ के युवाओं की मुखर आवाज़ या संगठन का मजबूत संवाहक: सादगी, संघर्ष और जनसेवा के पर्याय दीपेन्द्र कोश्यारी के जन्मोत्सव पर क्यों उमड़ा शुभकामनाओं का सैलाब?

पर्यटकों की सुरक्षा के दृष्टिगत सड़क किनारे पेड़ों की लॉपिंग, रिफ्लेक्टर लगाने, क्रैश बैरियर की मरम्मत, दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हीकरण तथा डायवर्जन चौराहों पर बड़े फ्लैक्सी बोर्ड लगाने के निर्देश जारी किए गए। भवाली से कैंची धाम तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को भी कहा गया।

अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर भारी माल वाहक वाहनों पर दिन में प्रतिबंध तथा रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे तक आवागमन की अनुमति का निर्णय लिया गया। 22 दिसम्बर से 7 जनवरी तक नैनीताल टोल प्लाजा पर दोनों ओर से समान यातायात संचालन एवं लाउडस्पीकर से सूचना प्रसारण के निर्देश दिए गए।

एसएसपी नैनीताल ने बर्फबारी की स्थिति में सभी विभागों को अलर्ट रहने, बिजली, पानी, खाद्यान्न और वाहनों की आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एम्बुलेंस एवं मेडिकल सुविधाएं तैयार रखने तथा सभी होटल, रिजॉर्ट, कैफे व बार में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना 112 या कंट्रोल रूम नंबर 9411112979 पर तुरंत देने की अपील की गई।

यह भी पढ़ें 👉  हिमशिखरों के अन्तराल में छिपा मोक्ष का अनादि रहस्य: श्री बद्रीनाथ

गोष्ठी में सीओ नैनीताल, सीओ हल्द्वानी, सीओ रामनगर, यातायात निरीक्षक, विभिन्न थाना प्रभारी, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, वन विभाग, रोडवेज, विद्युत विभाग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad