वेपन हैंडलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दो महिला आरक्षियों को नकद पुरस्कार, हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने का संदेश
नैनीताल। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन नैनीताल में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान परेड में शामिल जवानों की ड्रिल, शारीरिक क्षमता, दक्षता एवं वेपन हैंडलिंग का गहन आंकलन किया गया।
परेड के दौरान नैनीताल पुलिस के सभी संवर्गों—थानों, पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू एवं परिवहन शाखा के जवानों को परेड ड्रिल कराई गई। महिला, पुरुष तथा यातायात पुलिस की अलग-अलग टोलियां बनाकर वेपन हैंडलिंग का अभ्यास कराया गया। वेपन हैंडलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महिला आरक्षी रेखा निखुरपा एवं किरण मेहता को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी नैनीताल ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस फोर्स के प्रत्येक कर्मचारी को शस्त्र संचालन में पूर्ण दक्षता होनी चाहिए तथा किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि फोर्स का हर जवान शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत हो, महिलाएं स्वयं को कमजोर न समझें, मजबूत हौसला रखें और शस्त्रों की पूरी जानकारी रखें।
परेड के दौरान सभी प्रभारियों को आवंटित सरकारी वाहनों की लॉग बुक, फिटनेस एवं मेंटीनेंस की भी जांच की गई। संबंधित प्रभारियों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप वाहनों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत एसएसपी नैनीताल ने पुलिस लाइन मेस का निरीक्षण किया और मेस प्रभारी को जवानों के लिए सीजनल सब्जियों एवं शुद्ध पहाड़ी व्यंजन तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
