धीमहि दिव्यांग सेवा केंद्र पर पांचवें पुनर्वास शिविर का सफल आयोजन, अनेक दिव्यांगजन हुए लाभान्वित
देहरादून। सक्षम प्रांत उत्तराखंड द्वारा संचालित “धीमहि” दिव्यांग सेवा केंद्र पर साप्ताहिक दिव्यांगजन पुनर्वास शिविरों की श्रृंखला में पांचवें शिविर का सफल आयोजन किया गया। पांच जुलाई को आयोजित इस विशेष शिविर में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक दिव्यांगजन पुनर्वास सेवाओं से लाभान्वित हुए। सक्षम के प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत और देहरादून के जिला सचिव राजेश कुमार द्वारा निरंतर संपर्क और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से दिव्यांगजनों को परामर्श के लिए केंद्र पर आमंत्रित किया गया था।
शिविर के दौरान कुनाल राणा, ऋषभ, विराज, अजूनी सूरी, अनुज कंडवल, अतुल नौटियाल, मोहम्मद अदीब, कशिश, मोहम्मद इस्लाम, बालेश यादव, अशोक कुमार और विधाता रावत सहित कई दिव्यांगजनों को विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान किया गया। शिविर में मोहम्मद इस्लाम को दिव्यांग प्रमाणपत्र व यूडीआईडी कार्ड, जबकि बालेश यादव और अतुल नौटियाल को यूडीआईडी कार्ड प्रदान किए गए। इसके साथ ही अतुल नौटियाल की विशेष थेरेपी भी कराई गई। शिविर में पहुंचे सभी दिव्यांगजनों की मनोवैज्ञानिकों द्वारा काउंसलिंग की गई और पुनर्वास विशेषज्ञों ने विशेष शिक्षा थेरेपी से संबंधित उचित सलाह देकर उनकी समस्याओं का निवारण किया।
इस पुनर्वास शिविर में बुद्धि बाधित दिव्यांगजन पुनर्वास विशेषज्ञ श्रीमती निरुपमा रावत, साइकोलॉजिस्ट श्रुति गुप्ता व मिशिका जुगरान और दिव्यांगजन पुनर्वास विशेषज्ञ श्री अनंत प्रकाश मेहरा ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं सक्षम के संरक्षक श्रीमान तरुण विजय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस निरंतर सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे अति उत्तम बताया और सक्षम द्वारा दिव्यांगजन हित में किए जा रहे कार्यों में सदैव योगदान देने का संकल्प लिया। प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी डॉ. दर्शन शर्मा ने देहरादून में रहने वाले सभी सक्षम पदाधिकारियों से हर रविवार को केंद्र पर अपनी सेवाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

शिविर को सफल बनाने में सक्षम के जिला उपाध्यक्ष ऋतविक विजय, जिला सह सचिव मधु पटवाल, सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह बिष्ट, जिला प्रचार प्रमुख आकाश रावत और युवा कार्यकर्ता राजवीर रावत ने भी अपना बहुमूल्य समय दान किया। कार्यक्रम के समापन पर शिविर व्यवस्थापक राजेश कुमार और धीमहि केंद्र के प्रभारी कमल पंत द्वारा सभी उपस्थित जनों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
