नैनीताल | 23 दिसम्बर 2025
नैनीताल विंटर कार्निवाल के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित कार्यक्रमों में कला, संस्कृति और रोमांच का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थानीय विधायक सरिता आर्या एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने तल्लीताल डांठ से कार्निवाल झांकी को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। झांकी तल्लीताल डांठ से प्रारंभ होकर माल रोड होते हुए फ्लैट्स मैदान मल्लीताल में सम्पन्न हुई।
कार्निवाल झांकी में देश–विदेश से आए पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रंगारंग प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाया। विभिन्न झांकियों ने उत्तराखंड सहित सीमावर्ती क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में लखिया भूत की झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसने अपनी सजीव प्रस्तुति और पारंपरिक स्वरूप से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं बाबा दीप सिंह गतका ग्रुप द्वारा प्रस्तुत हैरतअंगेज करतबों ने रोमांच की लहर दौड़ा दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
झांकी के दौरान रं कल्याण संस्था हल्द्वानी द्वारा रं संस्कृति तथा तिब्बती कम्युनिटी नैनीताल के माध्यम से सीमावर्ती तिब्बती संस्कृति की मनोहारी झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्निवाल को विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत उदाहरण बना दिया।
जब कुमाऊं रेजिमेंट और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के बैंड की सुमधुर धुनें वातावरण में गूंजीं, तो पूरा माहौल देशभक्ति के जज़्बे से भर उठा। इसके पश्चात नैनी झील में याट एवं रोइंग बोट कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या ने कहा कि नैनीताल विंटर कार्निवाल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में चेयरमैन डॉ. सरस्वती खेतवाल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नाजिश खलीक, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, महासचिव वेद शाह, तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी, पर्यटक एवं बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
