बागेश्वर।
जनपद बागेश्वर के कुचौली गाँव में आयोजित वैदिक यज्ञ अनुष्ठान की पूर्णाहुति के उपरांत हुई वर्षा ने पूरे क्षेत्र में विशेष आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। यज्ञ सम्पन्न होने के तुरंत बाद हुई हल्की वर्षा को ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने ईश्वरीय आशीर्वाद एवं यज्ञ की दिव्यता का प्रतीक माना।
ग्रामीणों का कहना है कि प्राचीन मान्यताओं के अनुसार जब किसी स्थान पर श्रद्धा और विधि-विधान से यज्ञ सम्पन्न होता है, तो प्रकृति भी प्रसन्न होकर अपनी अनुकम्पा बरसाती है। इसी भावना के साथ श्रद्धालुओं ने वर्षा को क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति का शुभ संकेत बताया।
यज्ञ अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही और पूर्णाहुति के पश्चात जैसे ही वर्षा प्रारम्भ हुई, उपस्थित जनसमुदाय भावविभोर हो उठा। लोगों ने इसे महर्षि कुशण्डी ऋषि की तपोभूमि की पावनता और यज्ञ की सफलता का शुभ संदेश माना।
ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पावन आयोजन और वर्षा के शुभ संयोग से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा तथा आने वाला समय गांव और क्षेत्रवासियों के लिए मंगलकारी सिद्ध होगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
