उत्तराखंड के प्रमुख औद्योगिक केंद्र लालकुआं के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। बीते चार दशकों से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और रोजगार का मुख्य आधार रही ‘सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल’ अब पूर्णतः देश के अग्रणी औद्योगिक घराने ‘आईटीसी लिमिटेड’ के प्रबंधन में समाहित हो चुकी है। आदित्य बिड़ला रियल एस्टेट लिमिटेड के साथ हुए करीब 3,498 करोड़ रुपये के सौदे और सभी प्रशासनिक व लीज हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद, आगामी 3 अगस्त (सोमवार) को लालकुआं स्थित स्टॉफ कॉलोनी ग्राउंड में भव्य **’संगम प्रारम्भ समारोह’** (टाउनहॉल मीटिंग) का आयोजन किया जा रहा है।
आईटीसी लिमिटेड (पेपरबोर्ड्स एंड स्पेशलिटी पेपर्स डिवीजन) के **महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासन) संजय कुमार बाजपेयी (एस० के० बाजपेयी)** द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पत्र के अनुसार, यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम अपराह्न 3:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगा। इस प्रेरक टाउनहॉल बैठक में मिल के समस्त स्थायी श्रमिकों को आमंत्रित किया गया है।
प्रबंधन द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि यह समारोह सहयोग, विकास और साझा सफलता के एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है। इस महत्वपूर्ण ‘मील के पत्थर’ का जश्न मनाने, कंपनी के दृष्टिकोण को संरेखित करने और आगामी प्रगतिशील यात्रा पर एक साथ आगे बढ़ने हेतु ही इस विशेष टाउनहॉल मीटिंग का आयोजन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1984 में उत्तराखंड के कद्दावर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी के प्रयासों से स्थापित इस मिल ने पिछले 41 वर्षों में कागज उद्योग में लालकुआं को देश भर में विशिष्ट पहचान दिलाई है। कारखाने से करीब 8,000 अधिकारी, कर्मचारी, स्टाफ और ठेका कर्मी जुड़े हैं, जबकि लालकुआं शहर, घोड़ानाला और बिंदुखत्ता के हजारों परिवारों का जीवन प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस मिल से बंधा हुआ है।
जिस मजबूत हाथों में अब इस ऐतिहासिक मिल की बागडोर आई है, उस आईटीसी लिमिटेड का अपना एक गौरवशाली और प्रेरणादायक इतिहास रहा है। वर्ष 1910 में स्थापित हुई आईटीसी ने एक शताब्दी से भी अधिक लंबे सफर में खुद को भारत के सबसे भरोसेमंद और बहुआयामी औद्योगिक समूहों में ढाला है। तंबाकू व्यवसाय से शुरुआत कर इस समूह ने एफएमसीजी, लग्जरी होटल्स, एग्री-बिजनेस, सूचना प्रौद्योगिकी और ‘पेपरबोर्ड्स एंड स्पेशलिटी पेपर्स’ के क्षेत्र में विश्वस्तरीय मानदंड स्थापित किए हैं। अपनी ‘ट्रिपल बॉटम लाइन’ नीति—आर्थिक प्रगति, सामाजिक उत्थान और पर्यावरण संरक्षण—के लिए दुनिया भर में पहचानी जाने वाली आईटीसी दो दशकों से अधिक समय से ‘कार्बन पॉजिटिव’, ‘वॉटर पॉजिटिव’ और ‘सॉलिड वेस्ट रीसाइक्लिंग पॉजिटिव’ संस्था बनी हुई है।
3 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘संगम प्रारम्भ समारोह’ को लेकर कर्मचारियों और स्थानीय क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है। सेंचुरी मिल की 41 वर्षों की समृद्ध कार्यसंस्कृति और आईटीसी की आधुनिक तकनीक, विशाल पूंजी निवेश व दूरदर्शी नीति का यह ‘संगम’ लालकुआं में विकास की एक नई महाधारा प्रवाहित करेगा। इस टाउनहॉल बैठक के माध्यम से न केवल कर्मचारियों में सुरक्षा और विश्वास का नया भाव जागेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को भी अपने ही क्षेत्र में समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की नई राह दिखाई देगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
