क्षेत्रवासियों की लम्बी मांग हुई पूरी, राधा बंगर लिंक मार्ग के सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास सम्पन्न

ख़बर शेयर करें

लालकुआँ/नैनीताल: लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हल्दूचौड़ के राधा बंगर के ग्रामीणों के लिए रविवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। क्षेत्रवासियों की सड़क निर्माण को लेकर चली आ रही लम्बी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। 1 मार्च 2026 को लालकुआँ (विधानसभा क्षेत्र-56) के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने ‘राधा बंगर लिंक मार्ग’ के पी.सी. द्वारा सुधारीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
​उत्तराखण्ड लोक निर्माण विभाग द्वारा राज्य योजना के तहत इस सड़क का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस लिंक मार्ग की कुल लम्बाई 1.100 किलोमीटर है। शासन द्वारा इस महत्वपूर्ण मार्ग के सुधारीकरण के लिए 14.50 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। इस कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था ‘निर्माण खण्ड, लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी’ को सौंपी गई है। लंबे समय से इस मार्ग की हालत खस्ता होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
​विकास कार्यों की हुई सराहना: जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने जताया आभार
शिलान्यास के इस महत्वपूर्ण अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य चम्पा पाण्डे भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने इस विकास कार्य को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
​इस बहुप्रतीक्षित मांग के पूरा होने पर ग्राम प्रधान जीवंती बमेठा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के जीर्णोद्धार की बाट जोह रहे थे। आज विधायक जी के प्रयासों से हमारी यह पुरानी मांग पूरी हुई है, जिससे पूरे ग्रामसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।”
​वहीं, युवा समाजसेवी कार्तिक बमेठा ने विधायक के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि, “विधायक डॉ. बिष्ट लगातार क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर हैं और जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। राधा बंगर लिंक मार्ग का सुधारीकरण उनके विकासोन्मुखी विजन का ही एक प्रमाण है। सड़क के सुधारीकरण से स्कूली बच्चों, किसानों और आम जनमानस को आवागमन में सुगमता होगी।”