जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला के दूसरे दिन मंगलवार को कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर श्री सोमेश्वर यति जी महाराज तथा विशिष्ट अतिथि ईएसआई निदेशक जीवन कबड़वाल ने दीप प्रज्वलित कर पारंपरिक मेले का उद्घाटन किया। यह सांस्कृतिक महोत्सव 16 जनवरी तक उत्साह के साथ जारी रहेगा।
दूसरे दिन मैदान रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं का साक्षी बना। क्षेत्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन जीत लिया। साथ ही खो-खो प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने जबरदस्त जोश और ऊर्जा का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि उत्तरायणी जैसे पर्व हमारी सनातन संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं। ये मेले लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का पवित्र माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि ईएसआई निदेशक जीवन कबड़वाल ने कहा कि उत्तरायणी कौतिक जैसे आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के प्रखर मंच हैं। खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का विकास कर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करती हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।
आगामी कार्यक्रमों की झलक
मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 14 से 16 जनवरी तक भव्य लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएँगी। समापन दिवस 16 जनवरी की स्टार नाइट में लोकप्रिय लोकगायक माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल, चेतन पांडे सहित अन्य कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियाँ देंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार प्रातः 8 बजे मकर संक्रांति के अवसर पर समिति एवं क्षेत्रवासी मां हाट कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना कर दिनभर के कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे।
फोटो परिचय:
वॉलीबॉल फाइनल मुकाबले के विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करते मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज, विशिष्ट अतिथि जीवन कबड़वाल, मेला समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
