“सर्द हवाओं में आस्था की गर्माहट, अलाव की लौ में सिमटी श्रद्धा”

ख़बर शेयर करें

लालकुआँ – ठण्ड के बढ़ते प्रकोप के साथ ही क्षेत्र में ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह और शाम की सर्द हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। ऐसे में लोगों ने राहत के लिए स्थान-स्थान पर जलते अलावों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। बाजार, मोहल्लों और चौक-चौराहों पर अलाव के चारों ओर बैठकर लोग आग सेकते हुए ठण्ड से निजात पाने का प्रयास कर रहे हैं।
केवल बाजार और रिहायशी इलाकों में ही नहीं, बल्कि देव दरबारों में भी जलते अलाव श्रद्धालुओं को राहत प्रदान कर रहे हैं। आस्था और सुविधा का यह अनूठा संगम इन दिनों देखने को मिल रहा है।
क्षेत्र के प्रमुख अवंतिका कुंज देवी मंदिर शक्ति पीठ में भी दर्शनों को आ रहे भक्तजन अलाव के सहारे ठण्ड से बचते हुए माता के दर्शन कर रहे हैं। ठण्डी हवाओं के बीच अलाव की गर्माहट और मंदिर परिसर में व्याप्त आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को अद्भुत शांति का अनुभव करा रहा है।
श्रद्धालु रविन्द्र यादव का कहना है कि देवी दर्शन के साथ अलाव की तपन मन और तन दोनों को सुकून देती है। ठण्ड के इस मौसम में मंदिर प्रबंधन द्वारा की गई यह व्यवस्था भक्तों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
ठण्ड के बावजूद श्रद्धा की लौ बुझी नहीं है, बल्कि अलाव की आग में और प्रखर होकर जल रही है।