लालकुआँ। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष, जनसेवा के प्रतीक और “विकास पुरुष” के नाम से विख्यात रामबाबू मिश्रा को आज हजारों नम आँखों ने अश्रुपूरित विदाई दी। जैसे ही उनके निधन का समाचार फैला, लालकुआँ वार्ड नंबर तीन स्थित उनके आवास पर संवेदना व्यक्त करने वालों का सैलाब उमड़ पड़ा।
आज सुबह 10:30 बजे उनकी अंतिम यात्रा उनके आवास से मुक्तिधाम के लिए रवाना हुई, जिसमें जनसैलाब उमड़ा रहा। शहर के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान और भावुक वातावरण में सम्पन्न हुआ। उनके पुत्र विवेक, अभिषेक एवं मोनू ने मुखाग्नि दी।
रामबाबू मिश्रा न केवल एक कुशल जनप्रतिनिधि थे, बल्कि वे सरल, सहज और मधुर स्वभाव के धनी व्यक्तित्व भी थे। लोग उन्हें प्यार से “बाबूजी” कहा करते थे। उनके व्यवहार में आत्मीयता और कार्यों में जनकल्याण की भावना झलकती थी। यही कारण था कि हर वर्ग के लोग उनसे जुड़ाव महसूस करते थे।
इस अवसर पर संत स्वामी नारायण चैतन्य महात्मा आलोकानन्द पूर्व कैबीनेट मन्त्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल सेंचुरी मिल के सीईओ अजय गुप्ता विधायक डा० मोहन सिंह बिष्ट मिल उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा एच० आर० हैड एस० के ० बाजपेयी विधायक सुमित हृदयेश वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेन्द्र बोरा उद्योगपति सुरेश पाल नारायण पाल वरिष्ठ भाजपा नेता इन्द्र सिंह बिष्ट समाज सेवी हेमवती नन्दन दुर्गापाल पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का वरिष्ठ समाज सेवी कुन्दन मेहता रवि शंकर तिवारी राजेन्द्र सिंह खनवाल वरिष्ठ भाजपा नेता हेमन्त नरुला चैयरमैन सुरेन्द्र सिंह लोटनी शंकर जोशी डाक्टर बालम बिष्ट ग्राम प्रधान रमेश जोशी कनिष्ठ ब्लाक प्रमुख कमल भण्डारी कैलाश दुम्का दया किशन बमेठा किसान नेता रमेश चन्द्र तिवारी विनोद श्रीवास्तव जीवन कब्डवाल संजय जोशी कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष भुवन पाण्डे हेमंत पाण्डे सांसद प्रतिनिधी लक्ष्मण खाती सभासद धन सिंह बिष्ट योगेश उपाध्याय प्रमोद कलोनी देवी दत्त पाण्डे संजय जोशी पूर्व चैयरमैन लाल चन्द्र सिंह कुलदीप मिश्रा पुष्कर सिंह दानू राजा धामी खीमानन्द दुम्का पान सिंह बिष्ट डा० राजकुमार सेतिया अजय चौधरी बच्ची पाण्डे मदन उपाध्याय संदीप पाण्डे रोहित भट्ट नरेश चौधरी नारायण सिंह बिष्ट ललित जोशी दीना नाथ प्रकाश जैन सी० बी० सिंह सत्येन्द्र सिंह सहित तमाम उद्योगपति क्रेशर स्वामी राजनितिक सामाजिक आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े हजारों नम आखों ने अन्तिम विदाई दी
हजारों लोगों की मौजूदगी ने यह सिद्ध कर दिया कि बाबूजी केवल नेता नहीं, बल्कि हर दिल की आवाज थे।
जनसेवा की अमिट गाथा: रामबाबू मिश्रा का जीवन-सफर
रामबाबू मिश्रा 4 मई 2013 से 3 मई 2018 तक लालकुआँ नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे। अपने कार्यकाल को उन्होंने केवल पद नहीं, बल्कि सेवा का अवसर माना। उनका विश्वास था कि राजनीति का सर्वोच्च उद्देश्य जनकल्याण है, और इसी भावना से उन्होंने लालकुआँ के विकास की नींव मजबूत की।
उन्होंने बालिकाओं के लिए अलग इंटर कॉलेज की स्थापना करवायी तथा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाया। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए उन्होंने 10 बेड का अस्पताल बनवाया, जिसमें एलोपैथी के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की।
नगर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने हेतु उन्होंने आवासीय परिसर, एन.डी. तिवारी बारात घर, मार्केट कॉम्प्लेक्स, पक्की दुकानों, श्मशान घाट पर क्रिया शाला व टिन शेड, कब्रिस्तान, हाईटेक शौचालय, वाटर कूलर, स्थायी लाइट व्यवस्था, नाली निर्माण, टाइल्स, सड़क सुधार जैसे अनगिनत कार्य कराए।
नगर के विभिन्न वार्डों में 14 ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली संकट का समाधान कराया।
साथ ही, उन्होंने गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण, अम्मा भोजनालय की स्थापना, दुग्ध उत्पादकों के लिए प्रशिक्षण केंद्र, हैंडपंपों की व्यवस्था और मालिकाना हक जैसे जटिल मुद्दों पर भी गंभीरता से कार्य किया।
नगर पंचायत कर्मचारियों के नियमितीकरण, नगर सीमा विस्तार कर नगरपालिका बनाने और विद्युत शवदाह गृह जैसी योजनाएं उनके अधूरे सपनों में शामिल थीं, जिन्हें वे भविष्य में पूरा करना चाहते थे।
एक सच्चा सेवक, जो स्मृतियों में सदा जीवित रहेगा
रामबाबू मिश्रा का जीवन सादगी, सेवा और समर्पण की मिसाल था। उन्होंने कभी अपने निजी स्वार्थ को जनहित से ऊपर नहीं रखा। उनका व्यवहार जितना सरल था, उनके कार्य उतने ही महान।
आज लालकुआँ ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसने शहर को केवल ईंट-पत्थरों से नहीं, बल्कि विश्वास, संवेदना और सेवा से सजाया। बाबूजी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके कार्य, उनकी सोच और उनका स्नेह सदैव नगरवासियों के हृदय में जीवित रहेगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।
जो हर घर की दुआ थे, आज हर आँख की नमी बन गए : राम बाबू जी को अंतिम सलाम
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
