“धारी में बाघ का कहर: घास काट रही महिला को घसीट ले गया, गांव में दहशत और आक्रोश”

ख़बर शेयर करें

धारी। पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक के खुटियाखाल गांव से रविवार दोपहर सामने आया, जहां बाघ के हमले में 35 वर्षीय महिला गंगा देवी पत्नी जीवन चंद्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत के साथ भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा देवी अपने घर के समीप घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ उन्हें पकड़कर करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ जंगल में ले गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद महिला का शव जंगल से बरामद हुआ।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ की सक्रियता की जानकारी पहले से मौजूद थी, इसके बावजूद सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने “आतंकी बाघ” को जल्द पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र को संवेदनशील घोषित करने तथा स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।