सड़कों पर उतरा परिवहन विभाग का दस्ता: 72 घंटे का विशेष अभियान और 113 वाहन सीज, जानिए आखिर क्या था यह पूरा मामला!
हल्द्वानी संभाग में 4 से 6 अगस्त 2026 तक चले परिवहन विभाग के विशेष चेकिंग अभियान ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा दिया। अनाधिकृत मॉडिफाइड लाइटें, गाड़ियों पर काली फिल्म, अवैध हूटर और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ प्रवर्तन टीम ने ऐसा सख्त रुख अपनाया कि महज तीन दिनों के भीतर 967 वाहनों के चालान काट दिए गए, जबकि 113 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों को ताक पर रखने वालों पर सबसे ज्यादा गाज गिरी। बिना हेलमेट वाहन चला रहे 286 और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के सड़कों पर घूम रहे 132 चालकों पर सीधी कार्रवाई की गई। वहीं, गाड़ियों पर काली फिल्म लगाने के 111, फैंसी व अनाधिकृत लाइटें लगाने के 163, बिना इंश्योरेंस के 88, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) के 69 और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित 65 वाहनों को लपेटे में लिया गया। इसके अलावा, मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग के 49, बिना सीट बेल्ट के 47, बिना परमिट के 40, सवारी गाड़ियों में ओवरलोडिंग के 28, गाड़ियों में अनाधिकृत अल्टरेशन के 20 और गाड़ियों पर अवैध हूटर लगाने के 04 मामलों में कड़ा एक्शन लिया गया, जबकि 512 अन्य चालान अन्य यातायात उल्लंघनों में किए गए।
यह व्यापक चेकिंग अभियान हल्द्वानी संभाग के पांच प्रमुख क्षेत्रों—हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर उप-संभागों में एक साथ संचालित किया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए एआरटीओ और टीटीओ स्तर के दर्जनों अधिकारी मैदान में डटे रहे। हल्द्वानी में पवन कुमार, जगदीश चंद्र व गोविंद; रामनगर में पंकज श्रीवास्तव; काशीपुर में संदीप वर्मा, नंदन आर्य, सचिन कुमार व अनिल कुमार; रुद्रपुर में मुकुल अग्रवाल, सुनेजा, तारकेंद्र वैष्णव व आशुतोष डिमरी; और टनकपुर में मनोज बागोरिया व प्रमोद चौधरी ने पूरी टीम का नेतृत्व किया।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और हादसों पर लगाम लगाने के लिए आगे भी ऐसे अचानक अभियानों को पूरी सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
