लालकुआँ।
सेंचुरी पल्प एंड पेपर द्वारा अपने सामाजिक दायित्व के अंतर्गत एक सराहनीय पहल करते हुए रानीखेत कैंट क्षेत्र में युद्ध विधवाओं के लिए सीएसआर योजना के तहत चार आवासों का निर्माण कराया गया है। यह पहल समाज के प्रति कंपनी की संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता का जीवंत उदाहरण है।
इस परियोजना का उद्घाटन 20 जनवरी 2026 को सेंचुरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अजय कुमार गुप्ता एवं ब्रिगेडियर श्री एस.के. यादव, कमांडेंट कुमाऊँ रेजिमेंट सेंटर द्वारा संयुक्त रूप से गरिमामय वातावरण में किया गया।
यह सुविधा उन वीर सैनिकों के बलिदान को नमन है जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए। सेंचुरी द्वारा निर्मित यह आवास युद्ध विधवाओं के जीवन को अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर सेंचुरी के उपाध्यक्ष श्री नरेश चंद्रा, अशोक हॉल गर्ल्स स्कूल मजखाली की उपप्रधानाचार्य कैप्टन श्रीमती उमा, श्री रवि पाठक सहित कई सेना अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीईओ श्री अजय कुमार गुप्ता का संदेश
“सेंचुरी पल्प एंड पेपर समाज, राष्ट्र और विशेष रूप से सशस्त्र बलों के परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। युद्ध विधवाओं के लिए आवास निर्माण हमारी कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है।
हमारी सीएसआर योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी परियोजनाओं पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। हमें गर्व है कि हम देश के वीर सपूतों के परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे पा रहे हैं।”
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
